आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम यूएसए मुकाबले के दौरान यूएसए के बल्लेबाज मिलिंद कुमार एक अजीब गलती का शिकार हो गए। अच्छी लय में बल्लेबाज़ी कर रहे मिलिंद बिना गेंद की स्थिति देखे क्रीज से बाहर निकल गए और ईशान किशन ने फुर्ती दिखाकर उन्हें स्टंप आउट कर दिया। यह विकेट यूएसए की उम्मीदों पर बड़ा झटका साबित हुआ और भारत को मैच में वापसी दिला दी।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का तीसरा मुकाबला शनिवार, 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और यूएसए के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम मुश्किल में फंस गई थी और 13 ओवर में 77 रन पर छह विकेट गिर चुके थे। ऐसे हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और 49 गेंदों में नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को 161 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही, लेकिन मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। मिलिंद कुमार अच्छी लय में दिख रहे थे और 34 रन बनाकर क्रीज पर जम चुके थे।
पारी के 12वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती की एक गुगली ने पूरा खेल पलट दिया। गेंद मिलिंद को छकाती हुई विकेटकीपर ईशान किशन के दस्तानों में गई, जहां ईशान से गेंद थोड़ी फिसल गई। इसी दौरान मिलिंद कुमार को लगा कि गेंद पीछे निकल गई है और वह रन लेने के लिए क्रीज से बाहर निकल आए। लेकिन ईशान किशन ने तेजी दिखाते हुए तुरंत बेल्स गिरा दीं और मिलिंद कुमार 34 रन पर ही स्टंप आउट हो गए।
इस अजीब गलती के बाद यूएसए की पारी लड़खड़ा गई। संजय कृष्णमूर्ति ने 31 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि शुभम रंजने ने अंत के ओवरों में 22 गेंदों में 37 रन जोड़कर संघर्ष किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। नतीजतन यूएसए की पूरी टीम 132 रन पर सिमट गई और भारत ने 29 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।