Mitchell Marsh Record: सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) के सलामी बल्लेबाज़ मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) ने बीते मंगलवार, 11 अगस्त को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में 23 गेंदों पर 5 चौके 1 छक्का लगाकर 32 रन ठोके और इतिहास रचा। गौरतलब है कि वो लियाम लिविंगस्टोन (Liam Livingstone) का महारिकॉर्ड तोड़कर द हंड्रेड के 'सिक्सर किंग' बने हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 34 वर्षीय मिचेल मार्श मौजूदा समय में बेहद ही शानदार फॉर्म में हैं और साल 2026 के द हंड्रेड टूर्नामेंट में अब तक 8 मैचों में 406 रन बना चुके हैं। खास बात ये है कि इस दौरान उन्होंने 28 छक्के लगा दिए हैं। इसी के साथ वो द हंड्रेड के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं।
उन्होंने इंग्लिश क्रिकेटर लियाम लिविंगस्टोन को पछाड़कर ये रिकॉर्ड बनाया है जिन्होंने साल 2021 के द हंड्रेड टूर्नामेंट में 27 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में तीसरी पॉजिशन पर इंग्लैंड के ही जॉर्डन कॉक्स हैं, जिन्होंने साल 2025 के द हंड्रेड टूर्नामेंट में 22 छक्के ठोके थे।
The Hundred के एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
- मिचेल मार्श - 28 छक्के* (साल 2026)
- लियाम लिविंगस्टोन - 27 छक्के (साल 2021)
- जॉर्डन कॉक्स - 22 छक्के (साल 2025)
मैच का हाल: मैनचेस्टर के मैदान पर MSG ने टॉस जीतकर सनराइजर्स लीड्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर 127 रन बनाए। SUL के लिए मिचेल मार्श (23 गेंदों पर 32 रन) और जैक क्रॉली (28 गेंदों पर 31 रन) ही कुछ देर मैदान पर टिककर 30 प्लस रन बना पाए।
इसके जवाब में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए टिम सेफर्ट ने 40 गेंदों पर नाबाद 80 रन ठोके और पॉल वाल्टर ने 28 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। तो ऐसे MSG ने महज़ 68 गेंदों पर लक्ष्य हासिल किया और पूरे 10 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की।
Also Read: LIVE Cricket Score
पॉइंट्स टेबल का हाल: मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने द हंड्रेड 2026 में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की है और अब वो पॉइंट्स टेबल पर दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके नाम 8 मैचों में 20 अंक दर्ज हैं। बात करें अगर सनराइजर्स लीड्स की तो वो अब तीसरी पॉजिशन पर हैं। उन्होंने भी 8 मैचों में 5 जीत के साथ 20 अंक प्राप्त किए हैं। बात करें टेबल टॉपर की तो वो ट्रेंट रॉकेट्स हैं, जिनके नाम 8 मैचों में 6 जीत और 24 अंक मौजूद हैं।