IND vs NZ 4TH T20I: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वह इस फॉर्मेट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। सेंटनर ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को चौथे टी20 मुकाबले में दो विकेट हासिल करते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इस मुकाबले से पहले सेंटनर को भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी। उन्होंने मैच में अपने पहले ही ओवर में यह उपलब्धि हासिल कर ली। सेंटनर ने भारत की पारी के 9वें ओवर की पहली गेंद पर नितीश कुमार रेड्डी को आउट किया और फिर इसी ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल का विकेट लेकर अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 24 रन देकर कुल दो विकेट हासिल किए।
इस प्रदर्शन के साथ सेंटनर के भारत के खिलाफ 31 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 32 विकेट हो गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनकी ही टीम के लेग स्पिन गेंदबाज ईश सोढ़ी के नाम था, जिन्होंने भारत के खिलाफ 25 मैचों में 30 विकेट हासिल किए थे। अब सेंटनर उनसे आगे निकल गए हैं।
भारत के खिलाफ T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- मिचेल सेंटनर (न्यूजीलैंड) – 31 मैच, 32 विकेट
- ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) – 25 मैच, 30 विकेट
- क्रिस जॉर्डन (इंग्लैंड) – 16 मैच, 24 विकेट
- जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड) – 16 मैच, 22 विकेट
- आदिल रशीद (इंग्लैंड) – 24 मैच, 22 विकेट
- टिम साउदी (न्यूजीलैंड) – 17 मैच, 20 विकेट
टी20 इंटरनेशनल में पूरे किए 150 विकेट
इतना ही नहीं, सेंटनर ने इस मुकाबले में टी20 इंटरनेशनल में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लिए। वह इस फॉर्मेट में 150 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के सिर्फ तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। सेंटनर अब तक 142 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 23.09 की औसत से 151 विकेट हासिल कर चुके हैं।
न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रन से हराया
मैच की बात करें तो ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 259 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 107 रन बनाए। वहीं माइकल ब्रेसवेल ने भी सिर्फ 25 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में भारतीय टीम 172 रन ही बना सकी और 87 रन से मुकाबला हार गई। उनका कोई भी बल्लेबाज 40 रन का स्कोर पार नहीं कर पाया।