Australia vs Bangladesh, 1st Test: ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन (13 अगस्त) खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई और पहली पारी में बांग्लादेश के ओपनिंग बल्लेबाज शादमान इस्लाम को अपना पहला शिकार बनाया।
स्टार्क का अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड
इसके साथ ही स्टार्क टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं। यह उनके टेस्ट करियर का 434वां विकेट था और इस लिस्ट में उन्होंने श्रीलंका के पूर्व स्पिनर को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 433 विकेट दर्ज हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज
मिचेल स्टार्क- 434 विकेट
रंगना हेराथ- 433 विकेट
वसीम अकरम- 414 विकेट
डेनियल विटोरी- 362 विकेट
कपिल देव की बराबरी
टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में स्टार्क संयुक्त रूप से 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव की बराबरी की, जिन्होंने 131 टेस्ट में 434 विकेट लिए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
दूसरे दिन के खेल के दौरान स्टार्क के पास कपिल को पीछे छोड़ने का मौका होगा।
गौरतलब है कि बांग्लादेश ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए हैं और मेजबान टीम से अभी 102 रन पीछे है। तंजीद हसन तमीम 67 गेंदों में 32 रन और मोमिनुल हक 49 गेंदों में 35 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
दोनों दूसरे विकेट के लिए नाबाद 60 रन जोड़ चुके हैं।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 53 ओवरों में 198 रनों पर ऑलआउट हो गई। स्टीव स्मिथ के अलावा कोई और बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।
जेक वेदरल्ड (23 रन) और ट्रैविस हेड (22 रन) ने मिलकर पहली विकेट के लिए 45 रन जोड़े, जिसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। सिर्फ स्मिथ ने पारी को संभाला शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 109 गेंदों में 71 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का जड़ा।
बांग्लादेश के गेंदबाजी में तेज गेंदबाजों ने कहर बरपाया। हसन महमूद ने रिकॉर्ड गेंदबाजी करते हुए 55 रन देकर 6 विकेट लिए। इसके अलावा एबादत हुसैन और तस्कीन अहमद ने 2-2 विकेट अपने खाते में डाले।