इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) का आखिरी लीग स्टेज मुकाबला बीते रविवार, 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था जहां दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने 203 रन डिफेंड करके कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को 40 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले के खत्म होने के बाद DC के दिग्गज तेज गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने KKR के युवा फास्ट बॉलर मथीशा पथिराना (Matheesha Pathirana) को एक खास गिफ्ट दिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, खुद KKR ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस के साथ इस दिल छूने वाली घटना का वीडियो साझा किया है। ये 26 सेकंड का वीडियो है जिसमें देखा जा सकता है कि KKR Vs DC मुकाबले के बाद मिचेल स्टार्क 'बेबी मलिंगा' मथीशा पथिराना से मिलते हैं और उन्हें अपनी साइन दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी गिफ्ट करते हैं।
मिचेल स्टार्क ने मथीशा पथिराना के लिए एक अपनी टी-शर्ट पर एक प्यारा मैसेज भी लिखा। उन्होंने अपने मैसेज के जरिए मथीशा को ढेर सारी शुभकामनाएं दी और ये भी साफ किया कि वो उनके करियर को फॉलो करने और उन्हें तेज़ गेंदबाजी करते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं। आप नीचे पूरा वीडियो देख सकते हो।
गौरतलब है कि 23 साल के मथीशा पथिराना महान लसिथ मलिंगा के एक्शन से गेंदबाज़ी करते हैं और डेथ ओवर में घातक यॉर्कर डालने के लिए जाने जाते हैं। उनके नाम 110 टी20 मैचों में 146 विकेट दर्ज है। यही वज़ह है उन्हें KKR ने मिनी ऑक्शन में 18 करोड़ खर्चे करके अपनी स्क्वाड में जोड़ा था। हालांकि KKR टीम के लिए तगड़ा झटका ये रहा कि मथीराना अपनी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मुकाबला ही खेल पाए और उसमें भी सिर्फ 1.2 ओवर डालकर बाहर चले गए।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर मिचेल स्टार्क की तो उन्होंने भी अपनी चोट के कारण IPL 2026 का आधे से ज्यादा टूर्नामेंट मिस किया। उन्होंने IPL19 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 6 मुकाबले खेले और 11 विकेट झटके। ध्यान दें कि दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स, ये दोनों ही टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है।