Mitchell Starc Record: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) मैके टेस्ट (AUS vs BAN 2nd Test) के हीरो रहे। उन्होंने बांग्लादेशी टीम के बैटिंग ऑर्डर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया और दो पारियों में पूरे 10 विकेट चटकाए। गौरतलब है कि मिचेल स्टार्क ने अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर एक एलीट लिस्ट में एंट्री ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि मिचेल स्टार्क ने मैके टेस्ट में बांग्लादेश की पहली पारी में 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट चटकाए और फिर दूसरी पारी में भी 10 ओवर ही डालकर 39 रन देते हुए 4 विकेट झटके। खास बात ये है कि उन्होंने मैके टेस्ट की अपनी 109वीं गेंद पर अपना 10वां विकेट ले लिया था। इसी के दम पर अब वो पुरुष टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंदों पर 10 विकेट लेने वाले पांचवें नंबर के खिलाड़ी बन गए हैं।
इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में सबसे ऊपर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जॉर्ज लोहमैन मौजूद हैं, जिन्होंने साल 1896 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज़ 91 गेंद पर 10 विकेट चटका दिए थे। मिचेल स्टार्क को छोड़कर टॉप-5 में मौजूद सभी खिलाड़ी इंग्लैंड से आते हैं।
टेस्ट क्रिकेट (पुरुष) में 10 विकेट लेने के लिए सबसे कम गेंदें
- जॉर्ज लोहमैन (इंग्लैंड) — दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, 1896 — 91 गेंदें
- जॉनी ब्रिग्स (इंग्लैंड)— दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, 1889 — 98 गेंदें
- जॉर्ज लोहमैन (इंग्लैंड) — दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, 1896 — 103 गेंदें
- फ्रैंक वूली (इंग्लैंड)— ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 1912 — 104 गेंदें
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) — बांग्लादेश के खिलाफ, 2026 — 109 गेंदें
गौरतलब है कि 36 वर्षीय मिचेल स्टार्क ही ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश टेस्ट के सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 2 मैचों की 4 पारियों में 12 विकेट लेकर ये कारनामा किया। उनके बाद सीरीज में सर्वाधिक विकेट पैट कमिंस ने ली। उन्होंने 2 मैचों की 3 पारियों में 7 विकेट झटके। बताते चलें मिचेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के सबसे कामियाब गेंदबाज़ों में से एक हैं। वो देश के लिए 107 टेस्ट में 445 विकेट, 130 वनडे में 247 विकेट और 65 टी20 में 79 विकेट ले चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया ने जीता मुकाबला: मैके टेस्ट में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को बुरी तरह मात दी। उन्होंने ये मुकाबला इनिंग और 51 रनों से जीता। इस मैच में बांग्लादेश पहली पारी में 64 और दूसरी पारी में 95 रन बनाकर ऑल आउट हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 210 रन बनाकर ही बांग्लादेश को रौंद दिया। इसी के दम पर उन्होंने टेस्ट सीरीज को भी 1-1 से बराबर किया।