ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन को 2026 मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में एक नई जिम्मेदारी मिल चुकी है। उन्होंने टूर्नामेंट के आगामी सीजन से पहले लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (LAKR) का मेंटर नियुक्त किया गया है। इस टूर्नामेंट का नया सीज़न गुरुवार, 18 जून को शुरू होगा और कैलिफ़ोर्निया की टीम अपना पहला मैच एक दिन बाद सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के खिलाफ खेलेगी।
शेन वॉटसन 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मेंटर के तौर पर काम करने के बाद नाइट राइडर्स परिवार से जुड़ रहे हैं। अब वो सुनील नरेन, आंद्रे रसेल और रोवमैन पॉवेल जैसे जाने-पहचाने चेहरों के साथ एक बार फिर से काम करेंगे। गौरतलब है कि वॉटसन को MLC में कोचिंग का अनुभव है। 44 वर्षीय वॉटसन टूर्नामेंट के शुरुआती तीन सीज़न के दौरान सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के बैकरूम स्टाफ़ का हिस्सा थे और उन्होंने टीम को दो बार प्लेऑफ़ तक पहुंचाया था।
अगर यूनिकॉर्न्स की टीम की बात करें तो ये टीम 2024 में फ़ाइनल में भी पहुंची थी, जहां उन्हें वाशिंगटन फ़्रीडम से 96 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। उस फ़ाइनल मैच में स्टीव स्मिथ ने डलास में 88 रन बनाए थे। अब वॉटसन के टीम के साथ जुड़ने के बाद उन पर जिम्मेदारी होगी कि वो LAKR को उनकी पूरी क्षमता के अनुसार इस्तेमाल कर सकें।
Also Read: LIVE Cricket Score
लॉस एंजिल्स की टीम दो बार सबसे निचले स्थान पर और एक बार नीचे से दूसरे स्थान पर रही है। पिछले सीज़न में, उन्होंने केवल दो मैच जीते थे और लगातार पांच मैच हारे थे। इस साल की शुरुआत में, नाइट राइडर्स ग्रुप ने पोमोना, कैलिफ़ोर्निया में अपने नए होम ग्राउंड का अनावरण किया है, जहां इस सीज़न की MLC के सात मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के इतिहास में ये पहली बार है जब किसी मेजर लीग क्रिकेट टीम को सही मायने में घरेलू मैदान का फ़ायदा मिलेगा। 2026 सीज़न के लिए अन्य दो वेन्यू में डलास का ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम और कैलिफ़ोर्निया का ओकलैंड कोलिज़ीयम शामिल हैं।