मोहम्मद सिराज एक ऐसा नाम जिसे आप काफी सुन रहे होंगे और हम उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले समय में आपको ये खिलाड़ी भारतीय गेंदबाज़ी लाइनअप में लगातार दिखेगा। सिराज के लिए साल 2022 किसी सुनहरे सपने से कम नहीं रहा है, वो साल 2022 में भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बनकर उभरे हैं।

Advertisement

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में भी सिराज ने नई गेंद को अपनी उंगिलयों पर नचाया और बांग्लादेश को शुरुआत से ही बैकफुट पर धकेल दिया। शुरुआती स्पेल में सिराज ने 7 ओवर किए और 40 रन देकर 2 विकेट लिए। इस दौरान बांग्लादेश को सबसे बड़ा झटका सिराज ने उनके कप्तान लिटन दास को क्लीन बोल्ड करके दिया।

Advertisement

लिटन दास शुरू से ही संघर्ष करते दिखे और सिराज की गेंद पर क्लीन बोल्ड होने से पहले 23 गेंदों पर सिर्फ 7 रन बना पाए। 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर लिटन दास पूरी तरह से गच्चा खा गए और सिराज की अंदर आती गेंद ने दास की गिल्लियां बिखेर कर रख दी। आउट होने के बाद दास को यकीन नहीं हुआ कि वो बोल्ड हो गए हैं जबकि सिराज हमेशा की तरह इस बार भी विकेट लेने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो सेलिब्रेशन करते दिखे।

सिराज के इस सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी धूम मचा रहा है और फैंस इस गेंदबाज़ की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं। सिराज इस समय जिस लय में गेंदबाजी कर रहे हैं उसे देखकर हर क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि सिराज को अगले साल भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा होना चाहिए। हालांकि, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार जैसे सीनियर गेंदबाज़ों के आने पर भी क्या सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा ये एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब भारतीय फैंस जानने के लिए बेताब हैं क्योंकि अगर सिराज को इन गेंदबाज़ों की मौजूदगी के बीच भी खेलने का मौका मिलता है तो मतलब साफ होगा कि सिराज टीम इंडिया के वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा हैं।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार