IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बार राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच एक बड़ी ट्रेड डील को लेकर बातचीत चलने की खबर सामने आई है। इस संभावित डील में भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) और इंग्लैंड के युवा स्टार ऑलराउंडर सैम करन (Sam Curran) का नाम शामिल हैं।

क्रिकबज की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी मोहम्मद शमी और सैम करन की अदला-बदली की संभावनाएं तलाश रही हैं। हालांकि, अभी बातचीत जारी है और इस डील से जुड़ी अंतिम औपचारिकताएं पूरी नहीं हुई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, यह ट्रेड सिर्फ शमी और करन तक सीमित नहीं रह सकता। लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिनर मणिमारन सिद्धार्थ का नाम भी इस संभावित डील में शामिल है। 28 साल के इस बाएं हाथ के स्पिनर को लखनऊ ने 75 लाख रुपये में खरीदा था। माना जा रहा है कि इस ट्रेड के तहत सिद्धार्थ भी राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बन सकते हैं।

गौरतलब है कि मोहम्मद शमी और सैम करन दोनों ही पिछले सीजनी यानी IPL 2026 में भी ट्रेड के जरिए अपनी फ्रेंचाइजी बदल चुके हैं। शमी को पिछले सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद से 10 करोड़ रुपये की उनकी मौजूदा कीमत पर कैश डील के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था। वहीं, सैम करन चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान रॉयल्स पहुंचे थे। इस डील में रवींद्र जडेजा भी राजस्थान का हिस्सा बने थे, जबकि संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए थे।

Also Read: LIVE Cricket Score

चेन्नई सुपर किंग्स ने सैम करन को पहले 2.4 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था और बाद में इसी कीमत पर राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड कर दिया था। हालांकि, वह चोट के कारण IPL 2026 में नहीं खेल पाए थे। अब रिपोर्ट के मुताबिक, अगर वह लखनऊ सुपर जायंट्स में जाते हैं तो अपनी फीस में बदलाव चाहते हैं और उनकी इसी मांग को ट्रेड बातचीत में देरी की एक संभावित वजह माना जा रहा है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार