IPL 2026, Lucknow Super Giants vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में लखनऊ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता को बैकफुट पर धकेल दिया। मोहसिन खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए इस सीजन का पहला पंजा खोला। हालांकि रिंकू सिंह ने अंत में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
आईपीएल 2026 का 38वां मुकाबला रविवार (26 अप्रैल) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए, जहां टिम सेफर्ट बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 10 रन ही बना सके। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी 9 रन पर ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड के तहत आउट हुए और रोवमैन पॉवेल भी 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मध्य ओवरों में कैमरून ग्रीन ने कुछ हद तक पारी संभालने की कोशिश की और 21 गेंदों में 34 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। ऐसे में टीम बड़े स्कोर की ओर नहीं बढ़ पाई।
आखिरी के ओवरों में रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला। उन्होंने 51 गेंदों में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को 155 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में मोहसिन खान ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट झटके और इस सीजन का पहला पांच विकेट हॉल अपने नाम किया। इसके अलावा जॉर्ज लिंडे को भी 1 सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
लखनऊ सुपर जायंट्स (प्लेइंग XI): मिचेल मार्श, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, जॉर्ज लिंडे, दिग्वेश राठी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट प्लेयर: हिम्मत सिंह, अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद, आवेश खान, एम. सिद्धार्थ।
Also Read: LIVE Cricket Score
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग XI): टिम सेफर्ट, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट प्लेयर: मनीष पांडे, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, नवदीप सैनी, वरुण चक्रवर्ती।