चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज (Chennai Super Kings) महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास ले लिया है। फ्रेंचाइजी (CSK) ने मंगलवार (17 नवंबर) को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
CSK ने जानकारी दी है कि धोनी आईपीएल 2027 में टीम के मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे।
यह घोषणा आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख को की गई। इसके साथ ही उनके शानदार आईपीएल करियर का समापन हो गया, जिसके दौरान उन्होंने बतौर कप्तान टीम को पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी-20 खिताब जिताए।
CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा, "धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। यह हमेशा उनका घर रहेगा। धोनी के बिना सीएसके का कोई अस्तित्व नहीं है। लगभग दो दशकों तक, हमने जीत, हार और हर तरह के उतार-चढ़ाव के बीच एक-दूसरे के साथ सफर तय किया है और साथ मिलकर आगे बढ़े हैं।"
उन्होंने 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए दो सीज़न खेले, जब सीएसके को लीग से बैन कर दिया गया था। 45 साल के धोनी ने 38.30 के औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाकर अपने आईपीएल करियर का समापन किया।
धोनी आईपीएल 2027 के लिए सीएसके के नए कोचिंग स्टाफ में शामिल होंगे। इस स्टाफ में हेड कोच ज़हीर खान, असिस्टेंट कोच एल्बी मोर्कल, गैरेथ बैटी और श्रीधरन श्रीराम, बॉलिंग कोच मोहित शर्मा और फील्डिंग कोच जेम्स फॉस्टर भी शामिल हैं। पिछले तीन सीज़न में प्लेऑफ़ में जगह न बना पाने के बाद, सीएसके ने आईपीएल 2027 के लिए अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं।
आईपीएल के 12 सीजन तक चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करने के बाद, धोनी ने आईपीएल 2022 से पहले कप्तानी रविंद्र जडेजा को सौंप दी थी, लेकिन सीएसके के खराब प्रदर्शन के कारण सीज़न के बीच में ही उन्होंने फिर से कप्तानी संभाल ली। उस सीज़न में टीम नौवें स्थान पर रही थी, लेकिन धोनी की कप्तानी में वापसी करते हुए सीएसके ने 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। इसके बाद, आईपीएल 2024 शुरू होने से एक दिन पहले धोनी ने कप्तानी छोड़ दी। इस सीज़न में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम लीग में पांचवें स्थान पर रही।
आईपीएल 2025 से पहले, सीएसके ने धोनी को एक 'अनकैप्ड' खिलाड़ी के तौर पर रिटेन किया, क्योंकि उन्होंने पांच साल पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। लेकिन, सीजन के बीच में गायकवाड़ के चोटिल हो जाने के कारण, धोनी को एक बार फिर कप्तानी संभालनी पड़ी।