टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी भले ही इन दिनों क्रिकेट मैदान से दूर हों, लेकिन वह किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार उन्होंने अपनी सुपरबाइक राइडिंग स्किल्स से फैंस का ध्यान अपनी ओर खिंच लिया।
सोमवार (3 अगस्त) को धोनी चेन्नई के पास इरुंगट्टुकोट्टई स्थित मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पहुंचे, जहां उन्होंने सुपरबाइक पर हाई-स्पीड राइड की। यह इवेंट टीवीएस यूरोग्रिप की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें धोनी ने कंपनी के प्रीमियम मोटरसाइकिल टायर्स को रेसिंग ट्रैक पर टेस्ट किया।
पूरे राइडिंग गियर में नजर आए धोनी ने ट्रैक पर कई तेज रफ्तार लैप पूरे किए और बाइकिंग के प्रति उनका जुनून एक बार फिर साफ दिखाई दिया। राइड खत्म होने के बाद धोनी पिट लेन में लौटे, जहां बड़ी संख्या में फोटोग्राफर और फैंस उनका इंतजार कर रहे थे। हेलमेट उतारने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। इस पूरे इवेंट के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई हैं।
VIDEO:
धोनी को हमेशा से महंगी और दमदार मोटरसाइकिलों का शौक रहा है। उनके गैराज में कई शानदार सुपरबाइक्स का कलेक्शन मौजूद है। जब भी उन्हें क्रिकेट से समय मिलता है, वह अक्सर बाइक राइड का आनंद लेते नजर आते हैं।
IPL 2026 खत्म होने के बाद धोनी ज्यादातर समय अपने होमटाउन रांची में रहे हैं। हालांकि पिछले महीने वह इंग्लैंड भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 और वनडे सीरीज के मुकाबले स्टेडियम में बैठकर देखे थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि IPL 2026 में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन चोट के कारण पूरे सीजन मैदान पर नहीं उतर सके। वह अधिकांश समय बेंच पर ही रहे और टीम के अवे मुकाबलों में भी उनके साथ नहीं गए। इससे बड़ी संख्या में CSK फैंस निराश हुए, क्योंकि वे सिर्फ धोनी को खेलते हुए देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे।