आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी धीरे-धीरे अपनी फिटनेस हासिल कर चुके हैं और उनकी मैदान पर वापसी की तारीख भी सामने आ गई है। माही के 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ वापसी करने की संभावना है।
2026 सीज़न शुरू होने से पहले, धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण दो हफ़्ते के लिए बाहर हो गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में, सीएसके अपने पहले तीन मैच हार गई थी, लेकिन उसके बाद उसने अपने घरेलू मैदान पर लगातार दो मैच जीते हैं। अब सीएसके का अगला मैच हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ है लेकिन धोनी इस मैच के लिए भी उपलब्ध नहीं रहेंगे।
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, धोनी पूरी तरह से फिट होने के करीब हैं और वानखेड़े में टीम में वापसी कर सकते हैं। बता दें कि सीएसके अभी पॉइंट्स टेबल पर आठवें स्थान पर है और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में उसने पांच मैचों में दो जीत हासिल की हैं। ऐसे में हैदराबाद के खिलाफ मैच जीतकर गायकवाड़ की टीम जीत की हैट्रिक पूरी करना चाहेगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि धोनी आखिरी बार 20 अप्रैल, 2025 को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके के लिए खेले थे, जहां उन्होंने छह गेंदों में 4 रन बनाए थे। इस सीज़न में उनकी गैरमौजूदगी में, संजू सैमसन ने सीएसके के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभाई है। एक बार जब धोनी वापस आ जाएंगे, तो उम्मीद है कि सैमसन एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे और धोनी विकेटकीपिंग की ज़िम्मेदारी फिर से संभाल लेंगे।