इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 33वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुरुवार, 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो आइए आपको बताते हैं कि इस मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, मुंबई में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान बारिश या आंधी-तूफान की कोई संभावना नहीं है। चूंकि ये शाम का मैच है, इसलिए खिलाड़ियों के लिए स्थितियां थोड़ी बेहतर रहेंगी। तापमान 30°C से 32°C के बीच रहने की उम्मीद है। जाहिर है कि मैच में बारिश की संभावना नहीं है ऐसे में फैंस को पूरे 40 ओवर का मैच देखने को मिलने वाला है।
गौरतलब है कि इन दोनों ही टीमों के बीच पिछले आईपीएल सीजन दो मुकाबले खेले गए थे जिनमें से एक CSK और एक MI ने जीतकर अपने नाम किया। बात करें अगर इनके बीच हुए आखिरी मुकाबले की तो वो वानखेड़े के मैदान पर आयोजित हुआ था जिसे मुंबई इंडियंस ने 15.4 ओवर में 177 रनों का लक्ष्य हासिल करके 9 विकेट से जीता। इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने 45 गेंदों पर नाबाद 76 रनों की पारी खेली थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
ये मुकाबला मुंबई इंडियंस के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा जो कि एक हाई स्कोरिंग वेन्यू है। इस मैदान पर अब तक आईपीएल 2026 में कुल तीन मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से दो रन चेज करने वाली टीम ने जीतकर अपने नाम किए। यहां आखिरी मुकाबला मुंबई और पंजाब के बीच खेला गया था जो कि मेहमान टीम ने 16.3 ओवर में 196 रनों का लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से जीता था। इस मुकाबले में 39.5 ओवर के खेल में कुल 354 रन बने और 12 विकेट गिरे।