भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लंबे समय तक खेल चुके लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन ने बड़ा फैसला लेते हुए क्रिकेट के इस स्तर से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अश्विन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी।
भारतीय लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन ने 35 साल की उम्र में घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है। अनुभवी लेग स्पिनर ने सोमवार (25 मई) को अपने सोशल मीडिया अकाउंटर पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपने इस फैसले की जानकारी दी।
मुरुगन अश्विन ने अपने बयान में कहा कि क्रिकेट उनके जीवन का बेहद अहम हिस्सा रहा है और उन्होंने 6 साल की उम्र से इस खेल को खेलना शुरू किया था। उन्होंने लिखा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया और एक खिलाड़ी के तौर पर उन्हें पहचान दिलाई।
अश्विन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “मैं घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास लेने का फैसला कर चुका हूं। हालांकि मैं आगे नई चुनौतियों और अवसरों की तलाश करूंगा और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहता हूं।”
उनके इस बयान से साफ माना जा रहा है कि वह आने वाले समय में किसी लीजेंड्स लीग या विदेशी टी20 लीग में खेलते नजर आ सकते हैं। इससे पहले इरफान पठान, यूसुफ पठान और दिनेश कार्तिक जैसे कई भारतीय खिलाड़ी भी इसी रास्ते पर आगे बढ़ चुके हैं।
मुरुगन अश्विन ने IPL में साल 2016 में डेब्यू किया था और इसके बाद वह कई बड़ी फ्रेंचाइजियों का हिस्सा बने। उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेला।
अपने IPL करियर में मुरुगन अश्विन ने कुल 44 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 35 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 8 से थोड़ा ज्यादा रहा। उन्होंने एमएस धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की कप्तानी में भी खेलने का अनुभव हासिल किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि पिछले कुछ समय से वह IPL में नजर नहीं आए थे। उन्होंने आखिरी बार IPL 2023 में हिस्सा लिया था। अब उनके इस फैसले के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।