Nahid Rana Best ODI Bowling Figures: जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे गेंद से कहर बरपाते हुए बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने मशरफे मुर्तजा और रुबेल हुसैन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब उनके नाम बांग्लादेश के लिए वनडे इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज हो गया है।
बांग्लादेश के 23 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में ऐसी गेंदबाजी की, जिसने उनका नाम सीधे रिकॉर्ड बुक दर्ज कर दिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में सोमवार (6 जुलाई) को खेले गए तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में नाहिद ने सिर्फ 21 रन देकर 6 विकेट झटके और बांग्लादेश के वनडे इतिहास का सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान मशरफे बिन मुर्तजा और युवा लेग स्पिन गेंदबाज रुबेल हुसैन के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था। दोनों ने 6-6 विकेट लिए थे, लेकिन 26 रन खर्च किए थे। नाहिद ने उनसे पांच रन कम देकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
- नाहिद राणा 6/21
- मशरफे बिन मुर्तजा 6/26
- रुबेल हुसैन 6/26
- रिशाद हुसैन 6/35
- मुस्तफिजुर रहमान 6/43
मैच में बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नई गेंद से तस्कीन अहमद ने ब्रायन बेनेट (17) और क्रेग एर्विन को गोल्डन डक पर आउट कर जिम्बाब्वे को शुरुआत में ही डाल दिया।
इसके बाद नाहिद राणा ने अपनी रफ्तार से जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। उन्होंने सबसे पहले सिकंदर रजा (1) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया। फिर अतिरिक्त उछाल से वेस्ली मधेवेरे (0) को दूसरी स्लिप में कैच आउट कराया। इसके बाद उन्होंने लगातार विकेट निकालते हुए जिम्बाब्वे की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।
हालांकि न्यूमैन न्यामहुरी और कप्तान रिचर्ड नगरावा ने नौवें विकेट के लिए 50 रन जोड़कर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन नाहिद ने नगरावा (27) को बोल्ड कर इस साझेदारी का भी अंत कर दिया। आखिरकार जिम्बाब्वे की पूरी टीम 36.4 ओवर में सिर्फ 141 रन पर सिमट गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
यह नाहिद राणा के वनडे करियर का तीसरा पांच विकेट हॉल भी रहा। इससे पहले उन्होंने मार्च में पाकिस्तान के खिलाफ और अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पंजा चटकाया था। अब जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 विकेट लेकर नाहिद राणा ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है और बांग्लादेश के वनडे इतिहास में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज करा दिया।