Namibia vs South Africa 1st ODI: नामीबिया के खिलाफ पहले वनडे में साउथ अफ्रीका ने शानदार 99 रन की जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज का आगाज किया। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसमें डेब्यू कर रहे जॉर्डन हरमन (Jordan Harman) ने शानदार शतक जमाया। बारिश के कारण नामीबिया के लक्ष्य में बदलाव हुआ, लेकिन मेजबान टीम रनचेज में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। 

Advertisement

नामीबिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (9 सितंबर) को विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर मेहमान टीम ने 348 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

साउथ अफ्रीका के लिए 24 वर्षीय डेब्यूडेंट सलामी बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने अपने पहले ही वनडे में शतक जड़ते हुए 126 गेंदों में 150 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में हरमन ने 17 चौके और 3 छक्के लगाए।

हरमन को इस दौरान दूसरे छोर से टॉनी डी जोर्जी का शानदार साथ मिला, जिन्होंने दूसरे विकेट के लिए 190 रन की मजबूत साझेदारी की। डी जोर्जी ने 84 गेंदों में 72 रन बनाए और टीम को बड़े स्कोर की नींव देने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा कॉर्बिन बॉश ने 39 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 33 रन जोड़े।

नामीबिया की ओर से रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 4 विकेट लिए। वहीं जे जे स्मित और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को 1-1 सफलता मिली।

नामीबिया की पारी बारिश के कारण प्रभावित रही। खेल में ओवरों की कटौती के बाद नामीबिया को डीएलएस नियम के तहत 31 ओवर में 262 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। मेजबान टीम के लिए इस रनचेज में कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

नामीबिया की ओर से मलान क्रूगर ने 34 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा जे जे स्मित (31) और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (21) ने कुछ रन जोड़े। नतीजा यह रहा कि नामीबिया की टीम 31 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 162 रन ही बना सकी। 

साउथ अफ्रीका की ओर से प्रेनेलन सुब्रायन (Prenelan Subrayen) ने 4 विकेट अपने नाम किए। क्वेना मफाका ने 2 विकेट चटकाए, जबकि कॉर्बिन बॉश और डुआन जानसेन को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह साउथ अफ्रीका ने डकवर्थ लुईस स्टर्न नियम के तहत नामीबिया को 99 रन से हरा दिया। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार