ICC Women's T20 World Cup 2026, Nandini Sharma Return Catch: बांग्लादेश के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत की युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने अपनी ही गेंद पर बेहतरीन रिटर्न कैच लपककर सेट बल्लेबाज जुआइरिया फेरदौस को पवेलियन भेजा। इस विकेट के साथ भारत ने बांग्लादेश की मजबूत होती साझेदारी को भी तोड़ दिया।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का 23वां मुकाबला गुरुवार (25 जून) को भारत और बांग्लादेश के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की सलामी बल्लेबाज जुआइरिया फेरदौस ने एक छोर संभाल रखा था। उन्होंने सोभाना मोस्तारी के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 51 रन की अहम साझेदारी कर टीम को संभालने का काम किया। भारतीय टीम को इस समय एक विकेट की सख्त जरूरत थी और यह जिम्मेदारी युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने निभाई।
बांग्लादेश की पारी का नौवां ओवर लेकर आईं नंदिनी शर्मा ने ऑफ स्टंप के आसपास अच्छी लेंथ पर गेंद डाली। जुआइरिया फेरदौस ने क्रीज में रहते हुए गेंद को सीधे मैदान के ऊपर से खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई। शॉट पूरी तरह मिसटाइम हो गया और गेंद हवा में उछलकर सीधे गेंदबाज की ओर चली गई। नंदिनी ने बिना कोई गलती किए कंधे की ऊंचाई पर शानदार रिटर्न कैच लपक लिया और बांग्लादेश की 51 रन की साझेदारी का अंत कर दिया।
VIDEO:
जुआइरिया फेरदौस 31 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुईं। इस विकेट के साथ बांग्लादेश को 59 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा।
टीमें इस मैच के लिए
भारतीय महिला (प्लेइंग XI): शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्त्रिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव, नंदिनी शर्मा, रेणुका सिंह।
Also Read: LIVE Cricket Score
बांग्लादेश महिला (प्लेइंग XI): दिलारा अख्तर, जुआइरिया फेरदौस, शारमिन अख्तर, निगर सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), सोभाना मोस्तारी, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबेया खातून, नाहिदा अख्तर, मारूफा अख्तर, संजिदा अख्तर मेघला।