रियान पराग (Riyan Parag) की कैप्टेंसी वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम (Rajasthan Royals) ने बीते बुधवार, 22 अप्रैल को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 32वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) को 40 रनों से हराकर मात दी। गौरतलब है कि RR की इस जीत के बाद टीम के तेज गेंदबाज़ नंद्रे बर्गर (Nandre Burger) पर BCCI ने भारी-भरकम जुर्माना ठोका जिसकी बड़ी वजह सामने आ गई है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, खुद IPL ने एक आधिकारिक बयान साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने कहा, "राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज़ नांद्रे बर्गर पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ दिया गया है।"
उन्होंने अपने बयान में आगे लिखा, "यह मैच बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। बर्गर ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के तहत आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन स्वीकार किया, जो ऐसे शब्दों, हरकतों या इशारों से जुड़ा है जो किसी खिलाड़ी को उकसा सकते हैं या अपमानजनक हो सकते हैं। उन्होंने मैच रेफरी का फैसला मान लिया है। लेवल-1 के मामलों में मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और सभी पर लागू होता है।"
बात करें अगर इस मुकाबले में नंद्रे बर्गर के प्रदर्शन की तो उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने मिचेल मार्श (41 गेंदों पर 55 रन) और एडेन मार्कराम (06 गेंदों पर 00 रन) जैसे विस्फोटक बल्लेबाज़ों को आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया।
पॉइंट्स टेबल का हाल: राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट के 32वें मुकाबले में लखनऊ को 40 रनों से रौंदकर बड़ी जीत हासिल की और पॉइंट्स टेबल पर भी दूसरा पायदान प्राप्त कर लिया। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 7 में से 5 मैच जीते है और वो कुल 10 अंक अपने नाम कर चुके हैं। पॉइंट्स टेबल पर उनसे ऊपर सिर्फ पंजाब किंग्स की टीम है जिन्होंने 6 मैचों में 5 जीत हासिल करके 11 अंक बना रखे हैं, वो मौजूदा टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारे हैं।