मेजबान इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 87 रनों से हराकर टूर्नामेंट का आगाज़ जीत के साथ किया। इंग्लिश टीम से मिले 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए इस मैच डैनी व्याट ने तो शतक लगाया ही लेकिन साथ ही कप्तान नैट सीवर ब्रंट ने भी तूफानी 46 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस मैच में ब्रंट ने 22 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्का ठोककर नाबाद 46 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक ऐसा शॉट भी देखने को मिला जिसे देखकर फैंस को इंग्लैंड के पुरुष क्रिकेटर जोस बटलर की याद आ गई। दरअसल, इस मैच में ब्रंट ने बटलर स्टाइल में एक स्कूप शॉट खेला जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और फैंस इस शॉट की तुलना बटलर के शॉट से कर रहे हैं। आप इस शॉट का वीडियो नीचे देख सकते हैं।
वहीं, अपनी इस पारी के दम पर ब्रंट ने महान शार्लेट एडवर्ड्स (Charlotte Edwards) का एक 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। ब्रंट ने श्रीलंका के सामने 46 रन बनाकर महिला टी-20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अपने 784 रन पूरे कर लिए हैं और अब वो इंग्लैंड के लिए इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वालीं खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर शार्लेट एडवर्ड्स का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर ये कारनामा किया है, जिन्होंने महिला टी-20 वर्ल्ड कप में 24 मैचों में 768 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में एक विकेट खोकर 219 रन बनाए। महिला टी-20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाकर इंग्लिश टीम ने इतिहास रच दिया। इंग्लिश टीम ने साल 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाए 213/5 के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। इंग्लिश टीम की तरफ से डैनी व्याट ने 62 गेंदों में 105 रनों की नाबाद पारी खेली। वो महिला टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर अब सर्वाधिक रन बनाने वाली तीसरी बल्लेबाज बन गई हैं।