New Zealand vs India, 1st Test Day 1 Highlights: हेनरी निकल्स (Henry Nicholls) और ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) की बेहतरीन पारियों के दम पर भारत के खिलाफ वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन (19 नवंबर) शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बना लिए हैं। पहले दिन सिर्फ 82 ओवर का खेल ही संभव हो सका
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और 12 रन के कुल स्कोर तक टॉम लैथम (0) और डेवोन कॉनवे (4) की ओपनिंग जोड़ी पवेलियन लौट गई। इसके बाद निकल्स ने रचिन रविंद्र (15) ने पारी को थोड़ा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। लेकिन अगले 19 रन के अंदर रविंद्र, डेरिल मिचेल (1) और टॉम ब्लंडेल (5) के रूप में तीन झटके लगे।
एक समय न्यूजीलैंड का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 70 रन था और फिर निकल्स औऱ फिलिप्स ने मिलकर न्यूजीलैंड की वापसी कराई। निकल्स ने अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक जड़ा औऱ 221 गेंदों में 113 रन बनाकर नाबाद रहे। बता दें कि इस मैदान पर यह उनका पांचवां शतक था।
वहीं फिलिप्स ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और 182 गेंदों में 94 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 322 गेंदों में 174 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।
पारी के 74वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर इस साझेदारी को तोड़ने का मौका था, लेकिन विकेटकीपर ऋषभ पंत और देवदत्त पडिक्कल के बीच हुई भ्रम की स्थिति में निकल्स का आसान सा कैच छूट गया।
भारत के लिए गेंद से कमाल दिखाते हुए जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट झटके। इसके अलावा अंशुल कंबोज औऱ आकाश दीप के खाते में एक-एक विकेट आया।
टीमें
भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।