बर्मिघम, 20 जून (CRICKETNMORE)| कप्तान केन विलियमसन (नाबाद 103) और हरफनमौला खिलाड़ी कोलिन डी ग्रैंडहोम (60) के बीच हुई साझेदारी के दम पर बुधवार को एजबेस्टन मैदान पर खेले गए आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 के मैच में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को चार विकेट से हरा अपना विजयी क्रम जारी रखा है।
इस हार के साथ ही साउथ अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो गई है।  

Advertisement

बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ और इसी कारण प्रति पारी 49 ओवरों का मैच कर दिया गया। साउथ अफ्रीका ने रासी डैर डुसेन और हाशिम अमला की संघर्षपूर्ण अर्धशतकीय पारियों के दम पर 49 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 241 रन बनाए। 

Advertisement

साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने हालांकि कीवी टीम के लिए मुसीबतें पैदा कीं लेकिन खराब फील्डिंग और विलियमसन-कोलिन की जोड़ी ने न्यूजीलैंड को 48.3 ओवरों में छह विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंचा दिया। लुंगी नगिदी ने 48वें ओवर में डी ग्रैंडहोम को आउट कर मैच में रोमांच लाया लेकिन आखिरी ओवर में विलियमसन ने छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया और फिर एक रन लेकर टीम को जीत दिलाई। 

यह न्यूजीलैंड की पांच मैचों में चौथी जीत है जबकि उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। इस जीत से मिले दो अंकों की बदौलत न्यूजीलैंड के नौ अंक हो गए हैं। वह एक बार फिर 10 टीमों की अंकतालिका में पहले स्थान पर काबिज हो गई है। 

साउथ अफ्रीका की यह छह मैचों में चौथी हार है। उसके हिस्से एक जीत आई है जबकि उसका भी एक मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। साउथ अफ्रीका आठवें नंबर पर कायम है।

रासी वैन डर डुसेन ने अपनी टीम के लिए नाबाद 67 और हाशिम अमला ने 55 रन बनाए। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने अंत में खराब फील्डिंग के कारण भी कुछ मौके गंवाए और इसी वजह से डुसेन, अमला की मेहनत पर पानी फिर गया। 41वें ओवर की पहली गेंद पर कागिसो रबादा के पास रन आउट का मौका था जिससे विलियमसन पवेलियन लौट सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इमरान ताहिर द्वारा फेंके गए 38वें ओवर में साउथ अफ्रीका ने तीन मौके गंवाए। इनके अलावा भी कई मौके ऐसे थे जहां कैच मुश्किल था लेकिन लिया जा सकता था और रन आउट भी किया जा सकता था, लेकिन साउथ अफ्रीका इन छोट-छोटे मौकों को भुना नहीं पाई। 

Advertisement

साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने टीम को शुरुआत तो अच्छी दिलाई थी। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर 12 के कुल स्कोर पर कागिसो रबादा ने कोलिन मुनरो (9) को आउट कर कीवी टीम का बड़ा विकेट गिरा दिया।

यहां कप्तान विलियमसन ने कदम रखा और दूसरे सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल (35) के साथ मिलकर टीम का स्कोर 72 तक पहुंचा दिया। यहां गुप्टिल आंदिले फेहुलक्वायो की गेंद पर हिट विकेट हो गए। 

क्रिस मौरिस ने फिर साउथ अफ्रीका को दो बड़ झटके दे उसे दवाब में ला दिया। मौरिस ने पहले रॉस टेलर को एक और फिर टॉम लाथम को भी एक के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाया। 80 रनों पर चार विकेट खोने वाली कीवी टीम के लिए कप्तान के साथ जिम्मी नीशाम ने जीत की राह पर वापस की कोशिश शुरू की। दोनों पांचवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। 

Advertisement

मौरिस एक बार फिर कीवी टीम के लिए मुसीबत बनकर आए और नीशम को 23 के निजी स्कोर पर बाहर भेज गए। 

यहां से कप्तान और डी ग्रैंडहोम ने बिना किसी जोखिम के रन बनाए और इसमें साउथ अफ्रीका के फील्डरों ने भी उनका साथ दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया जिसे विलियमसन ने अंजाम दिया। 

डी ग्रैंडहोमहोम ने 47 गेंदों का सामना किया और पांच चौकों के अलावा दो छक्के लगाए। विलियमसन ने 138 गेंदें खेलीं जिनपर नौ पर चौके और एक पर छक्का मारा। 

Advertisement

इससे पहले, डुसेन और अमला के अलावा उनकी टीम के बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके।

ट्रेंट बोल्ट ने साउथ अफ्रीका के इनफॉर्म बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (5) को दूसरे ओवर की पांचवींे गेंद पर पांच के कुल स्कोर पर बोल्ड कर उसे बड़ा झटका दिया।

साउथ अफ्रीका के लिए अच्छी बात यह रही कि इस मैच में अमला ने फॉर्म में वापसी की और अर्धशतक जमाया। उन्होंने हालांकि धीमी बल्लेबाजी की लेकिन विकेट पर खड़े रहे। कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 23 रन बनाकर उनका साथ देने की कोशिश की लेकिन लॉकी फग्र्यूसन ने कप्तान को बोल्ड कर अमला को अकेला कर दिया।

Advertisement

टीम का स्कोर जब 111 था तभी बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर ने अर्धशतक पूरा कर चुके अमला को पवेलियन भेज दिया। अमला ने 83 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 55 रन बनाए। इस मैच में अमला वनडे में सबसे तेजी से आठ हजार रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 176 पारियों में यह मुकाम हासिल किया जबकि भारतीय कप्तान विराट कोहली 175 पारियों में इतने रन बना चुके थे। अमला साथ ही अपने देश के लिए आठ हजार रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले जैक्स कैलिस, अब्राहम डिविलियर्स और हर्षल गिब्स भी साउथ अफ्रीके लिए यह आंकड़ा छू चुके हैं। 

अमला के बाद एडिन मार्कराम 38 के निजी स्कोर पर कोलिन डी ग्रैंडहोमहोम का शिकार हो गए। यहां से डेविड मिलर (36) और डुसेन ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की।

मिलर 208 के कुल स्कोर पर फग्र्यूसन का शिकार हुए। फग्र्यूसन ने आंदिले फेहुलक्वायो को खाता नहीं खोलने दिया।

Advertisement

डुसेन ने यहां से आक्रामक रुख अख्तियार किया। आखिरी के पांच ओवरों में साउथ अफ्रीका डुसेन के दम पर 42 रन जोड़ने में सफल रही। उन्होंने अपनी नाबाद 67 रनों की पारी में 64 गेंदों का सामना किया और दो चौकों के अलावा तीन छक्के मारे। क्रिस मौरिस छह रन बनाकर उनके साथ नाबाद लौटे। 

कीवी टीम के लिए फग्र्यूसन ने तीन विकेट लिए। बोल्ट, डी ग्रैंडहोमहोम, सैंटनर ने एक-एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार