New Zealand Women vs South Africa Women, 3rd ODI: मैडी ग्रीन (Maddy Green) और ब्रूक हालिडे (Brooke Halliday) की शानदार पारियों औऱ रोज़मेरी मेयर (Rosemary Mair) की शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार (4 अप्रैल) को वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में खेले गए तीसरे औऱ आखिरी वनडे में साउथ अफ्रीका को 66 रन से हरा दिया औऱ सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और 3 रन के कुल स्कोर तक 3 विकेट गिर गए। इसके बाद मैडी ग्रीन और ब्रूक हालिडे ने मिलकर पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 211 रनों की बेहतरीन साझेदारी की।
ग्रीन ने 128 गेंदों में नाबाद 141 रन की पारी खेली, जिसमें 15 चौके जड़े। वहीं हालिडे ने 124 गेंदों में 13 चौकों की बदौलत 98 रन बनाए। जिससे न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका के लिए अयंदा ह्लुबी, तुमी सेखुखुने ने 2-2 विकेट, नादिन डी क्लर्क और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 46.1 ओवर में 240 रन पर ऑलआउट हो गई। मेहमान टीम के टॉप 4 खिलाड़ियों को अच्छी शुरूआत मिली लेकिन उसे बड़ी पारी में तबदील नहीं कर सके।
टॉप स्कोरर रहीं लौरा वोल्वार्ड ने 68 गेंदों में 69 रन, एनेरी डर्कसेन ने 52 गेंदों में 47 रन, क्लो ट्रायॉन ने 26 गेंदों में 29 रन, ताज़मिन ब्रिट्स ने 41 गेंदों में 25 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के आखिरी छह विकेट सिर्फ 62 रन के अंदर गिर गए।
न्यूजीलैंड के लिए मेयर ने 50 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा अमेलिया केर ने 2 विकेट, नेन्सी पटेल, जेस केर औऱ काइली नाइट ने 1-1 विकेट अपने खाते में डाला।