Newman Nyamhuri Record: जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला (ZIM vs AUS 1st ODI) बीते मंगलवार, 15 सितंबर को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया था जहां मेजबान टीम के युवा तेज गेंदबाज़ न्यूमैन न्यामहुरी (Newman Nyamhuri) ने ऑस्ट्रेलिया के पांच विकेट लेकर इतिहास रचा। उन्होंने विकेटों का पंजा खोलकर एक 10 साल पुराना महारिकॉर्ड तोड़ा है।
न्यूमैन न्यामहुरी ने रचा इतिहास: सबसे पहले ये जान लीजिए कि न्यूमैन न्यामहुरी एक फास्ट बॉलर हैं, जो कि महज़ 20 साल के हैं। उन्होंने हरारे के मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों पर जमकर कहर बरपाया और 9 ओवर में 62 रन देकर 5 विकेट लिए। उन्होंने मिचेल मार्श (28 गेंदों पर 36 रन), जोश इंगलिस (12 गेंदों पर 4 रन), मैट रेन्शॉ (94 गेंदों पर 109 रन), ओलिवर पीक (40 गेंदों पर 30 रन) और जेवियर बार्टलेट (11 गेंदों पर 05 रन) को आउट करके पवेलियन भेजा।
इसी के साथ अब न्यूमैन न्यामहुरी जिम्बाब्वे के लिए वनडे में 5 विकेट हॉल लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 20 साल और 239 दिन की उम्र में ये कारनामा करके ल्यूक जोंगवे का रिकॉर्ड तोड़ा है। जोंगवे ने साल 2016 में ये रिकॉर्ड बनाया था।
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि न्यूमैन न्यामहुरी जिम्बाब्वे के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में पांच विकेट हॉल लेने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले ये कारनामा सिर्फ रयान बर्ल ने किया था। उन्होंने साल 2022 में Townville में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महज़ 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे।
जिम्बाब्वे के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
- 5/10 – रयान बर्ल, टाउन्सविले, 2022
- 5/62 – न्यूमैन न्यामहुरी, हरारे, 2026*
- 4/42 – डंकन फ्लेचर, नॉटिंघम, 1983
मैच का हाल: हरारे के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी जिसके बाद उन्होंने अपनी पारी के 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 294 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैट रेन्शॉ ने 94 गेदों पर 109 रन ठोके और कूपर कोनोली ने 46 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में जिम्बाब्वे के लिए क्रेग एर्विन (60 गेंदों पर 59 रन) और सिकंदर रज़ा (76 गेंदों पर 57 रन) ने अर्धशतक ठोके। हालांकि इसके बावजूद मेजबान टीम सिर्फ 45.1 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 235 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। तो ऐसे ऑस्ट्रेलिया ने ये मुकाबला 59 रनों से जीता और वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।