रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा शेयर किए गए एक मजेदार वीडियो में क्रुणाल पांड्या ने अपने पसंदीदा फील्डर का चयन किया। अपनी मजबूत फील्डिंग के लिए मशहूर भारतीय अनुभवी खिलाड़ी रविंद्र जडेजा और विराट कोहली जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़ते हुए पांड्या ने साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज और न्यूजीलैंड के मौजूदा स्टार को अपना बेस्ट फील्डर चुना।
आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके टीम के स्टार ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर को चुनने के लिए कहा गया। यह एक तेज रफ्तार सवाल-जवाब का खेल था, जहां उन्हें हर बार दो खिलाड़ियों में से एक का नाम लेना था।
वीडियो की शुरुआत सुरेश रैना और युवराज सिंह के बीच तुलना से हुई। क्रुणाल ने रैना को चुना। इसके बाद रैना और मोहम्मद कैफ में से उन्होंने कैफ को बाहर कर दिया और फिर एंड्रयू साइमंड्स को तरजीह दी। खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ा, चुनौती और कठिन होती गई।
चौथे राउंड में साइमंड्स और साउथ अफ्रीका के पूर्व महान फील्डर जोंटी रोड्स आमने-सामने थे। इस बार क्रुणाल ने बिना झिझक जोंटी रोड्स का नाम लिया। अगले राउंड में जोंटी रोड्स और एबी डिविलियर्स के बीच चयन करना था, और यहां भी उन्होंने जोंटी रोड्स को ही चुना।
सबसे दिलचस्प पल तब आया जब जोंटी रोड्स और न्यूजीलैंड के मौजूदा स्टार खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स के बीच फैसला करना था। दोनों ही अपने-अपने समय के शानदार फील्डिंग स्किल के लिए जाने जाते हैं। एक नाम चुनना मुश्किल हो गया तो क्रुणाल पांड्या ने मुस्कुराते हुए कहा, “जोंटी फिलिप्स।” नियम के अनुसार उन्हें केवल एक नाम लेना था, लेकिन उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के नाम मिलाकर मजेदार अंदाज में जवाब दिया। मजे की बात यह रही कि अंत में यही “जोंटी फिलिप्स” बाकी खिलाड़ियों जैसे रविंद्र जडेजा, ग्लेन मैक्सवेल और विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष पर पहुंच गया।
गौरतलब है कि 34 वर्षीय क्रुणाल पांड्या आगामी आईपीएल 2026 सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते नजर आएंगे। 2025 सीजन में टीम की खिताबी जीत में उन्होंने गेंद से अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 15 मैचों में 17 विकेट लिए और किफायती गेंदबाजी की। बल्लेबाजी में भी उन्होंने उपयोगी योगदान देते हुए 7 पारियों में 109 रन बनाए, जिसमें नाबाद 73 रन की पारी शामिल रही।