टी20 वर्ल्ड कप 2026 के भारत और अफ्रीका के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान कमेंट्री बॉक्स में खास मेहमान के रूप में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपने बचपन और क्रिकेट प्रेम को लेकर दिलचस्प बातें साझा कीं। पिचाई ने अपने क्रिकेट आइडल का भी खुलासा किया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के तीसरे मुकाबले में रविवार (22 फरवरी) को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में खेले गए मैच के दौरान एक खास पल देखने को मिला। गूगल और अल्फाबेट इंक के सीईओ सुंदर पिचाई कमेंट्री बॉक्स में पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री के साथ नजर आए और उन्होंने अपने क्रिकेट प्रेम से जुड़ी यादें साझा कीं।
तमिलनाडु के मदुरै में जन्मे 53 वर्षीय पिचाई ने बताया कि उनका बचपन क्रिकेट के जुनून के बीच बीता। उन्होंने कहा कि उनके लिए असली प्रेरणा भारत के ‘लिटिल मास्टर’ और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर थे। पिचाई ने बताया कि उनके कमरे की दीवार पर स्पोर्ट्सस्टार मैगजीन का गावस्कर का पोस्टर लगा रहता था, जो उन्हें हर दिन प्रेरित करता था। पिचाई ने याद करते हुए कहा कि वह अपने दादा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वेस्टइंडीज में खेले गए मैचों की रेडियो कमेंट्री सुना करते थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
जहां तक मुकाबले की बात है भारत के लिए ये मुकाबला बिल्कुल भी ठीक नहीं रहा। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन, डेविड मिलर ने 63 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 44 रन की अहम पारी खेली। जवाब में भारत की टीम दबाव में बिखर गई और 111 रन पर ही सिमट गई। शिवम दुबे ने 42 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। साउथ अफ्रीका ने 76 रन से मुकाबला जीतकर सुपर-8 में दमदार आगाज किया।