नई दिल्ली, 6 अगस्त: न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी ने कहा है कि श्रीलंका में हालात से तालमेल बिठाना काफी अहम होगा और इसी के दम पर कीवी टीम मेजबान टीम को मात दे सकती है। 

Advertisement

न्यूजीलैंड को श्रीलंका में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत कोलंबो में 14 अगस्त से होगी। इससे पहले कीवी टीम श्रीलंका बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। 

Advertisement

आईएएनएस से बात करते हुए साउदी ने कहा, "हमारी टीम में कुछ खिलाड़ी हैं जो श्रीलंका के पिछले दौरे पर टीम के साथ थे और यहां हमने सफलता हासिल की थी। हमारे लिए अनुभव का होना अच्छा है, लेकिन हम जानते हैं कि स्थितियां बदल चुकी हैं और हमें उनके साथ जल्दी से जल्दी तालमेल बिठाना होगा।"

दोनों टीमें श्रीलंका में 2012 के बाद से टेस्ट नहीं खेली हैं। साउदी ने माना कि इस बार की सीरीज आसान नहीं होगी। 

साउदी ने कहा, "विश्व के इस हिस्से में सीरीज मुश्किल है। उप-महाद्वीप में खेलना आसान नहीं होता है क्योंकि यहां की परिस्थतियां उन परिस्थतियों से अलग होती हैं जिनमें खेलने के हम आदि होते हैं। यहां श्रीलंका में हालात यूएई से अलग हैं। आपको यहां यूएई से ज्यादा गर्मी लगेगी और पसीना आएगा।"

न्यूजीलैंड ने उपमहाद्वीप में अपना आखिरी टेस्ट मैच यूएई में ही खेला था। 

Advertisement

न्यूजीलैंड इस सीरीज में विश्व कप के बाद आ रही है जहां उसे फाइनल में बेहद रोमांचक मुकाबले में न भूलने वाली मात मिली थी। फाइनल में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड ने ज्यादा बाउंड्री लगाने के कारण हराया था। 

साउदी ने कहा कि टीम अभी भी उस हार से बाहर निकलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने हालांकि कहा टीम जिस तरह से खेली उस पर सभी को गर्व है। 

साउदी ने कहा, "कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो विश्व कप टीम का हिस्सा थे। बीते कुछ समय से हमारा ध्यान वनडे प्रारूप पर था लेकिन अब हमें अपने ध्यान को वहां से हटाना होगा। टीम में अभी भी बात होती है कि इंग्लैंड में क्या हुआ था। टीम में इस पर भी बात होती है कि उन आठ सप्ताहों में हम एक टीम के तौर पर क्या हासिल कर सकते थे।"

Advertisement

तेज गेंदबाज ने कहा, "दिमाग में कई तरह की चीजें आती हैं, लेकिन जब हम गहराई में सोचते हैं तो हमें अपने ऊपर गर्व होता है।"

दोनों टीमें जो टेस्ट सीरीज खेलेंगी वो आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा होगी। साउदी ने कहा कि टेस्ट चैम्पियनशिप टेस्ट क्रिकेट में रोमांच लेकर आएगी। 

साउदी ने कहा, "विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप नई चीज है और यह रोमांच लेकर आएगी। कई खिलाड़ी हैं जो टेस्ट क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं। इसलिए टेस्ट चैम्पियनशिप के आने से टेस्ट क्रिकेट और रोमांचक बन जाएगा।"

Advertisement

साउदी ने कहा, "कुछ साल बाद एक बार फिर लॉर्ड्स में जाकर फाइनल खेलना शानदार होगा।"

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार