इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गुरुवार (30 जुलाई) को मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए सभी 12 वेन्यू का ऐलान कर दिया। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे और इसके लिए नया फॉर्मेट भी लागू किया गया है।
सबसे ज्यादा मुकाबलों की मेजबानी साउथ अफ्रीका करेगा। यहां कुल आठ मैदानों को चुना गया है। इनमें जोहानिसबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम, सेंचुरियन, केपटाउन का न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड, डरबन का किंग्समीड, सेंट जॉर्ज पार्क, ब्लोमफोंटेन का मंगाउंग ओवल, पार्ल का बोलैंड पार्क और बफेलो पार्क शामिल हैं।
जिम्बाब्वे में तीन मैदानों पर मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें हरारे स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो का क्वींस स्पोर्ट्स क्लब और विक्टोरिया फॉल्स का फाले मोसी-ओआ-टुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम शामिल है। वहीं नामीबिया भी इतिहास रचेगा। पहली बार कोई सीनियर ICC टूर्नामेंट वहां आयोजित होगा। नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड (विंडहोक) को इस मेगा इवेंट के लिए चुना गया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईसीसी ने टूर्नामेंट के नए फॉर्मेट की भी जानकारी दी है। मुख्य टूर्नामेंट से पहले 12वें से 14वें स्थान की टीमों के बीच एक सुपर सीरीज खेली जाएगी, जिसके विजेता को वर्ल्ड कप का आखिरी टिकट मिलेगा। इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनमें हर ग्रुप में छह-छह टीमें होंगी। लीग स्टेज में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी टीमों से एक-एक मैच खेलेगी और कुल 30 मुकाबले होंगे।
दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमों के अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर-7 स्टेज में पहुंचेगी। सुपर-7 में कुल 21 राउंड-रॉबिन मुकाबले खेले जाएंगे।
इसके बाद अंक तालिका की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। पहले स्थान की टीम चौथे स्थान की टीम से भिड़ेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता टीमों के बीच वर्ल्ड कप 2027 का फाइनल खेला जाएगा।