सिडनी, 24 अप्रैल| आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर ने कहा है कि अंतिम ओवरों में गेंदबाजी उनकी टीम की सबसे बड़ी ताकत है। वॉर्नर ने आईपीएल टीम के अपने साथी इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो से इंस्टाग्राम पर बातचीत में कहा, "हमारी टीम शानदार है। हमारी टीम की सबसे अच्छी बात यह है कि हमारी गेंदबाजी में काफी गहराई है।"
उन्होंने कहा, "हमारे पास शुरुआत में गेंद को अच्छे से स्विंग कराने वाले गेंदबाज हैं और हमारी अंतिम ओवरों की गेंदबाजी टूर्नामेंट में शायद सर्वश्रेष्ठ है।"
आईपीएल के 2019 में सीजन में वॉर्नर और बेयरस्टो की सलामी जोड़ी टूर्नामेंट में सबसे खतरनाक साबित हुई थी। वॉर्नर ने कहा कि वह बेयरस्टो के साथ का लुत्फ उठाते हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, "मुझे विकटों के बीच में तेजी से दौड़ना पसंद है और मुझे लगता है कि विकेटों के बीच में रन लेते हुए हमारी जो ऊर्जा रहती है वो शानदार है। यह हमारा मजबूत पक्ष भी है।"
बेयरस्टो ने भी वॉर्नर की बात पर हामी भरते हुए कहा, "हां, निश्चित तौर पर हमारे बीच में अच्छी समझ है। अगर दो रन भागने हो तो हमें एक दूसरे की तरफ देखे बिना सिर्फ इशारों में भाग सकते हैं।"
आईपीएल का 13वां सीजन 29 मार्च से शुरू होना था लेकिन कोरोनावायरस के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।