PAK vs ENG, ODI Tri-Series 2026: पाकिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड को एक विकेट से हराकर रोमांचक जीत अपने नाम की। रविवार (25 अक्टूबर) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान को 242 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए थे और एक समय उसकी हार लगभग तय नजर आ रही थी। हालांकि, शादाब खान ने हार नहीं मानी और नाबाद शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान को जीत दिला दी।

मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। इंग्लैंड की टीम 46.4 ओवर में 241 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने एक छोर संभालकर 111 गेंदों में 105 रन की शतकीय पारी खेली। 

डकेट के अलावा सैम करन ने 52 गेंदों में 42 रन बनाए। वहीं नीचले क्रम में एटकिंसन ने 28 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से इंग्लैंड 240 रन के पार पहुंचने में सफल रही।

पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में कप्तान शाहीन अफरीदी सबसे सफल रहे। उन्होंने चार विकेट चटकाकर इंग्लैंड की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। रजाउल्लाह और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि हारिस रऊफ को एक सफलता मिली।

242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के प्रमुख बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। फखर जमान 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सैम अयूब सिर्फ 6 रन ही बना पाए। इसके बाद बाबर आजम भी 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान ने पावरप्ले के अंदर ही अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।

इसके बाद साद बेग 32 रन और सलमान अली आगा भी 26 रन बनाकर आउट हो गए। जिसके चलते पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ गईं। लगातार विकेट गिरने से टीम लक्ष्य से दूर होती नजर आने लगी।

ऐसे मुश्किल हालात में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शादाब खान ने शानदार जुझारूपन दिखाया। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी करने के साथ खराब गेंदों पर रन भी बटोरे। शादाब ने 96 गेंदों में नाबाद 113 रन की बेहतरीन पारी खेली और पाकिस्तान की जीत के हीरो बने।

Also Read: LIVE Cricket Score

शादाब को दूसरे छोर पर आखिरी बल्लेबाज हारिस रऊफ का साथ मिला। दोनों ने दसवें विकेट के लिए नाबाद 89 रनों की साझेदारी की और पाकिस्तान को हार के मुहाने से निकालकर जीत तक पहुंचा दिया। हारिस रऊफ 19 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शादाब ने आखिरी तक क्रीज पर टिके रहकर टीम को 17 गेंदें शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचाया। इस तरह इंग्लैंड के हाथों से जीत छीनकर पाकिस्तान ने इस मुकाबले में 1 विकेट से जीत हासिल कर ली

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार