PAK vs SL 1st Test: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मंगलवार (10 नवंबर) को अपनी पहली पारी 434 रन पर घोषित कर दी। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 114 रन बना लिए थे और पाकिस्तान के स्कोर से 320 रन पीछे थी।
पाकिस्तान की पहली पारी में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 93 रन बनाए। वह अपने शतक से सिर्फ 7 रन दूर रह गए और उन्होंने 199 गेंदों का सामना करते हुए यह पारी खेली। उनके अलावा तैयब आरिफ ने 57 रन और अराफात मिन्हास ने 52 रन बनाए। वहीं, कप्तान बाबर आजम ने भी 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। मोहम्मद ताहा ने 51 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज मुहम्मद गाजी ने भी अहम 48 रन रन जोड़े।
श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में असिता फर्नांडो और दिलशान मदुशंकाने 3-3 विकेट अपने नाम किए। इनके अलावा लाहिरु कुमारा, मिलन रत्नायके और सोनल दिनुशा को 1-1 सफलता मिली। पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 434 रन बनाने के बाद अपनी पहली पारी घोषित कर दी और श्रीलंका को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने जल्द ही अपने शुरुआती विकेट गंवा दिए। पासिंदु सूरियाबंदारा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल भी सिर्फ 1 रन बना सके। सलामी बल्लेबाज लाहिरु उदारा ने 42 रन बनाए, लेकिन वह भी इसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
दिन का खेल समाप्त होने तक कामिंडु मेंडिस और कप्तान धनंजय डी सिल्वा क्रीज पर मौजूद थे। मेंडिस 78 गेंदों में 40 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि धनंजय ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 22 रन बना लिए थे। अब तीसरे दिन दोनों की कोशिश इस साझेदारी को आगे बढ़ाने और पाकिस्तान के पहली पारी के स्कोर के करीब पहुंचने की होगी।