PAK vs SL Test Series 2026: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने शनिवार (24 अक्टूबर) को श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। बाबर आजम (Babar Azam) टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे, जबकि सलमान अली आगा (Salman Ali Agha) की टीम में वापसी हुई है। पाकिस्तान के लिए यह सीरीज काफी अहम रहने वाली है, क्योंकि टीम हाल के टेस्ट मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। 

पाकिस्तान को पिछली टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ निराशा का सामना करना पड़ा था। वहीं टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। इसके अलावा, पाकिस्तान ने अपने पिछले पांच टेस्ट मैचों में से सिर्फ एक में जीत हासिल की है। ऐसे में बाबर आजम और उनकी टीम के सामने श्रीलंका के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

इस टीम चयन में सबसे बड़ी खबर सलमान अली आगा की वापसी है। वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में बाबर आजम की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर चुके हैं। हालांकि, दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था और तीसरे टेस्ट से पहले कुछ अन्य खिलाड़ियों तथा सपोर्ट स्टाफ के साथ उन्हें भी पाकिस्तान वापस भेज दिया गया था। अब श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें दोबारा टीम में शामिल किया गया है।

टीम से बाहर होने के बाद सलमान अली आगा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। सितंबर 2026 में उन्होंने किंग्समेन एकेडमी की ओर से खेलते हुए 336 गेंदों में नाबाद 300 रन की बड़ी पारी खेली। वहीं इसके इसी महीने इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ जारी वनडे ट्राई सीरीज में भी उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 90 गेंदों में 107 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म का सबूत दिया। 

वहीं दूसरी बड़ी खबर इस टीम में यह है कि अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और पूर्व टेस्ट कप्तान शान मसूद को इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया है।

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और आखिरी मुकाबला 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा। दोनों मैचों में पाकिस्तान की कोशिश घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी स्थिति सुधारने की होगी।

Also Read: LIVE Cricket Score

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, रज़ाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास और सऊद शकील।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार