PAK Vs AUS 3rd ODI: शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) की कैप्टेंसी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket Team) ने बीते गुरुवार, 04 जून को लाहौर में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में 41.5 ओवर में 158 रनों का लक्ष्य हासिल किया और ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात दी। इसी के साथ उन्होंने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीतकर अपने नाम कर ली है।
पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वनडे लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया था जहां मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया ने ही टॉस जीता और बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। उनके लिए कैप्टन जोश इंगलिस ने सर्वाधिक रन बनाए और 71 गेंदों पर 65 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि जोश के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सका और ऑस्ट्रेलिया 42 ओवर में ही 157 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई।
इस दौरान पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा कमाल की बॉलिंग की और 8 ओवर में 30 रन देकर मेहमान टीम के 3 विकेट लिए। उनके अलावा अबरार अहमद और शादाब खान ने 2-2 विकेट झटके और हारिस रऊफ ने भी एक विकेट चटकाया।
यहां से अब पाकिस्तान को लाहौर में जीत दर्ज करने के लिए 158 रन बनाने थे जिसका पीछा करते हुए बाबर आज़म ने महत्वपूर्ण पारी खेली और 84 गेंदों पर 40 रन ठोके। उनके अलावा माज सदाकत (26 गेंदों पर 27 रन) और शादाब खान (42 गेंदों पर 29 रन) ने भी अहम रन बनाए जिसके दम पर ही टीम ने 41.5 ओवर में 158 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों की तो मैथ्यू कुह्नमैन ने 10 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं नाथन एलिस, मैथ्यू शॉर्ट और मैट रेनशॉ ने एक-एक विकेट लिया। ये भी जान लीजिए कि तीसरे वनडे में शाहीन अफरीदी (8 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट) को शानदार गेंदबाज़ के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। वहीं अराफत मिन्हास, जिन्होंने पूरी सीरीज में 60 रन बनाए और 7 विकेट लिए, उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। एक बार फिर बता दें कि पाकिस्तान ने वनडे सीरीज 2-1 से जीती है।