Pakistan Cricket Team ICC: पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर बांग्लादेश के खिलाफ ढाका के मीरपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में धीमी ओवर रेट के लिए मैच फीस 40 प्रतिशत जुर्माना लगा है और 8 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स काटे गए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट टीम ने शुक्रवार (15 मई) को इसकी जानकारी दी।
आईसीसी एलीट पैनल ऑफ़ मैच रेफ़री के जेफ क्रो ने यह सजा तब सुनाई है , जब समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद पाकिस्तान को निर्धारित लक्ष्य से 8 ओवर पीछे पाया गया।
आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट से जुड़े उल्लंघनों से संबंधित है। खिलाड़ियों पर हर उस ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, जिसे उनकी टीम निर्धारित समय के भीतर नहीं फेंक पाती है।
इसके अलावा, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की खेलने की शर्तों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, हर एक ओवर कम होने पर किसी भी टीम का एक पॉइंट काट लिया जाता है। जिसके चलते पाकिस्तान के कुल पॉइंट्स में से आठ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स काट लिए गए हैं।
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया और मिली सजा को मान लिया है। इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। ऑनफील्ड अंपायर रिचर्ड केटलबोरो और कुमार धर्मसेना, थर्ड अंपायर अलाउद्दीन पालेकर और फोर्थ अंपायर गाज़ी सोहेल ने यह आरोप तय किए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें पाकिस्तान को पहले मुकाबले में 104 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब 16 मई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में उसपर सीरीज गंवाने का खतरा होगा।