सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में पैट कमिंस और फिन एलन के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। एलन ने एक ही ओवर में कमिंस पर 27 रन बरसा दिए, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने शानदार वापसी करते हुए उसी ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट निकाल लिया।
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार (3 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के 45वें मुकाबले में एक रोमांचक पल देखने को मिला, जब पैट कमिंस और फिन एलन आमने-सामने थे। दरअसल, कोलकाता की पारी के चौथे ओवर में फिन एलन ने आक्रामक अंदाज़ दिखाते हुए पैट कमिंस को निशाने पर ले लिया। ओवर की शुरुआत वाइड गेंद से हुई, जिस पर चौका भी आ गया। इसके बाद एलन ने पहली लीगल गेंद पर छक्का जड़ा और दूसरी गेंद पर दो रन लिए।
एलन का हमला यहीं नहीं रुका। तीसरी गेंद पर उन्होंने एक और शानदार छक्का जड़ा और फिर चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार दो चौके लगाकर कमिंस के इस ओवर में कुल 27 रन बटोर लिए। ऐसा लग रहा था कि गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ चुका है, लेकिन आखिरी गेंद पर कहानी पलट गई। एलन ने एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन इस बार गेंद सही से टाइम नहीं हुई और हवा में चली गई। हेनरिक क्लासेन ने आसान कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेज दिया।
इस तरह पैट कमिंस ने अपनी पिटाई का बदला उसी ओवर में लेकर हिसाब बराबर कर लिया। फिन एलन ने 13 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली, लेकिन उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी।
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन ही बना सकी थी, जिसमें ट्रेविस हेड (61) और ईशान किशन (42) ने अहम योगदान दिया। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के लिए अंगकृष रघुवंशी (59) और अजिंक्य रहाणे (43) ने अहम रन जोड़े।