भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेसिन रिजर्व में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करना चाहेंगी।

भारत की प्लेइंग इलेवन में आकाश दीप और अंशुल कंबोज को मौका दिया गया है, जबकि वाशिंगटन स्पिनिंग ऑलराउंडर के तौर पर नजर आएंगे। वहीं, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार के साथ दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है।

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान गिल ने कहा, "हमने देखा है कि दूसरी पारी के मुकाबले शुरुआत में पिच से गेंदबाजों को थोड़ी ज्यादा मदद मिल रही है। इसलिए, अगर हम इसका फायदा उठा सकें तो अच्छा होगा। हमने 5-6 शानदार प्रैक्टिस सेशन किए हैं और सभी खिलाड़ी बहुत उत्साहित हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। हम चार तेज गेंदबाजों—आकाश दीप, अंशुल कंबोज, प्रसिद्ध और बुमराह—के साथ उतर रहे हैं, जबकि वॉशिंगटन स्पिनिंग ऑलराउंडर के तौर पर खेलेंगे।"

चयन की चुनौतियां और कुछ खिलाड़ियों के बाहर रहने पर कप्तान ने कहा, "यह काफी मुश्किल था। हम पिछले एक हफ्ते से सोच रहे थे कि किस कॉम्बिनेशन के साथ जाएं, क्योंकि हमारे सभी तेज गेंदबाज बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। सिराज और गुरनूर का बाहर रहना वाकई मुश्किल फैसला था, क्योंकि उन्होंने वनडे सीरीज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। सिराज और गुरनूर ने वहां शानदार खेल दिखाया था, इसलिए हमारे लिए यह फैसला लेना कठिन था, लेकिन उम्मीद है कि हमने जिन तेज गेंदबाजों को चुना है, वे हमारे लिए अच्छा काम करेंगे।"

वहीं, कीवी कप्तान टॉम लैथम ने कहा, "जाहिर है हम भी पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे, लेकिन बेसिन में जब मौसम अच्छा होता है, तो विकेट पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले उतना घना (सघन) नहीं दिखता। कोशिश यही रहेगी कि पहले सेशन में बहुत अच्छा प्रदर्शन करें।"

भारत ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया था, जिसके बाद पांच मुकाबलों की वनडे सीरीज 3-1 से जीती। अब मेहमान टीम की निगाहें दो मुकाबलों की सीरीज में 'क्लीन स्वीप' करने पर होंगी। भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में 51.52 प्वाइंट्स प्रतिशत के साथ चौथे पायदान पर है। फाइनल में पहुंचने के लिए यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है।

भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिशेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार