मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में फिल साल्ट ने अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। खासकर मिचेल सेंटनर के एक ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़ दिए। इस ओवर में कुल 22 रन आए, जिसके चलते आरसीबी को शानदार शुरुआत मिली।
रविवार (12 अप्रैल) को वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में फिल साल्ट ने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से सभी का ध्यान खींच लिया। इंग्लैंड के इस ओपनर ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
साल्ट खासकर स्पिनर मिचेल सेंटनर पर भारी पड़े। पारी के 5वें ओवर में सेंटनर गेंदबाजी के लिए आए, लेकिन यह ओवर उनके लिए बेहद महंगा साबित हुआ। साल्ट ने इस ओवर में पहली तीन गेंद पर लगातार तीन जोरदार छक्के जड़ दिए और साथ ही एक चौका भी लगाया। इस तरह उन्होंने सिर्फ 4 गेंदों में ही 22 रन बटोर लिए गए, जिससे आरसीबी को शानदार मोमेंटम मिल गया।
VIDEO:
फिल साल्ट यहीं नहीं रुके, उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी जारी रखी। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 36 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 छक्के और 6 चौके निकले। साल्ट को विराट कोहली का भी अच्छा साथ मिला और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रन की बड़ी साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत शुरुआत दिला दी।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। MI ने इस मैच में अल्लाह गजनफर और दीपक चाहर की जगह मिचेल सैंटनर और मयंक मारकंडे को शामिल किया है। वहीं RCB की टीम में जोश हेजलवुड की जगह जैकब डफी की वापसी हुई है।