नॉटिंघम, 19 जून (CRICKETNMORE)| बांग्लादेश ने जब आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को मात दी थी तो सभी ने उलटफेर कहा था, लेकिन बांग्लादेश ने अपने पिछले मैच में वेस्टइंडीज को जिस अंदाज में हराया है, उसे देखकर अब कोई भी उसे कमजोर टीम नहीं कह रहा। आत्मविश्वास से लैस बांग्लादेश के सामने गुरुवार को मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया की चुनौती है। दोनों टीमें यहां ट्रेंट ब्रिज मैदान पर भिड़ेंगी।

Advertisement

वेस्टइंडीज के खिलाफ बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप में दूसरे नंबर का सबसे सफल चेस किया और रनों का पीछा करते हुए अपनी अभी तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की। 

Advertisement

बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज द्वारा रखे गए 322 रनों के लक्ष्य को 50 गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया।

इस जीत के हीरो वर्ल्ड नंबर-1 ऑलराउंडर शाकिब अल हसन रहे थे। शकिब ने नाबाद 124 रनों की पारी खेली थी और लिट्टन दास ने नाबाद 94 रन बनाकर शाकिब का साथ दिया था। इन दोनों की जुगलबंदी ने बांग्लादेश को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। 

शाकिब इस समय गजब की फॉर्म में हैं। वह 384 रनों के साथ इस वर्ल्ड कप में बल्लेबाजों की सूची में पहले नंबर पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने बेहतरीन पारी खेली थी। 

 

शाकिब ने इस टूर्नामेंट में अभी तक नंबर-3 पर बल्लेबाजी की है जिससे उन्हें विकेट पर ज्यादा समय बिताने का मौका मिल रहा है जो टीम के लिए काफी फायदेमंद रहा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए शाकिब सबसे बड़ी चुनौती हैं क्योंकि जिस तरह की क्रिकेट शाकिब खेलते हैं, वो निडर है। सामने कोई भी गेंदबाज हो, वे दबाव नहीं लेते। 

Advertisement

मिशेल स्टार्क बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए हमेशा से चुनौती रहे हैं। ऐसे में शाकिब और स्टार्क की प्रतिस्पर्धा देखने लायक होगी।

एक बात हालांकि तय है। वो ये कि दोनों टीमें एक-एक खिलाड़ी को ध्यान में रखकर या उसे निशाना बनाकर मैदान पर नहीं उतरेंगी।

ऑस्ट्रेलिया जानती है कि बांग्लादेश के पास तमीम इकबाल भी हैं और वो भी फॉर्म में हैं। शाकिब के साथ मिलकर पहले मैच में टीम को जीत दिलाने वाले मुश्फीकुर रहीम भी अपने बल्ले से रन बरसाने का दम रखते हैं। लिटन दास ने भी बताया है कि वह मध्य क्रम में भी अच्छा खेल सकते हैं और साझेदारियां कर सकते हैं। 

Advertisement

इन सभी के अलावा सौम्य सरकार, महमदुल्ला, मोसद्दक हुसैन और कप्तान मशरफे मुर्तजा भी अच्छी बल्लेबाजी करने और मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं।

शाकिब और बांग्लादेश टीम भी जानती है कि स्टार्क के अलावा भी ऑस्ट्रेलिया के पास अच्छे गेंदबाज हैं जिनमें पैट कमिंस, नाथन कल्टर नाइल, जेसन बेहरनडॉर्फ हैं और स्पिन में लेग स्पिनर एडम जाम्पा हैं। स्टार्क ने जो बीते मैचों में किया है, उससे उनके ऊपर ज्यादा तवज्जो रहेगी। स्टार्क ने तीन मैच ऑस्ट्रेलिया को उस स्थिति से जिताएं हैं जहां वो हार की तरफ बढ़ती दिख रही थी। 

वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी की बात की जाए तो डेविड वार्नर, कप्तान एरॉन फिंच और स्टीवन स्मिथ को अगर बांग्लादेश जल्दी आउट कर पाती है तो उसके लिए मौजूदा विजेता को बड़े स्कोर पर जाने से रोकना आसान हो जाएगा। एशियाई टीम किसी भी सूरत में उस्मान ख्वाजा, ग्लैन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस को नजरअंदाज नहीं कर सकती।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया को रोकने के लिए बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान और मोहम्मद सैफुद्दीन की तेज गेंदबाजी जोड़ी को अहम भूमिका निभानी होगी। स्पिन में शाकिब के अलावा मेहंदी हसन मिराज को जिम्मेदारी लेनी होगी। 

टीमें : 

ऑस्ट्रेलिया: शॉन मार्श, एरॉन फिंच (कप्तान), डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ, केन रिचर्डसन, उस्मान ख्वाजा, ग्लेन मैक्सवेल, मिशेल स्टार्क, जेसन बेहरेनडॉर्फ/मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर)

Advertisement

बांग्लादेश : मशरफे मुर्तजा (कप्तान), तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, मुस्तफिजुर रहमान, महमदुल्ला, मोहम्मद सैफुद्दीन, मोसद्दक हुसैन, शाकिब अल हसन, मेहंदी हसन, लिटन दास, मुश्फीकुर रहीम (विकेटकीपर) ।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार