Prince Yadav Takes Sensational Catch Of Ibrahim Zadran: भारत और अफगानिस्तान के बीच लखनऊ में खेले जा रहे दूसरे वनडे में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपने डेब्यू मैच में दौड़ लगाते हुए एक बेहतरीन कैच पकड़ा, जिसने दर्शकों के साथ बाकी खिलाड़ियों को भी हैरान कर दिया।
भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार (17 जून) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम के लिए डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से पहले फील्डिंग में ऐसा कमाल दिखाया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर की पहली गेंद पर यह शानदार नजारा देखने को मिला। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शॉर्ट लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर अफगान बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि गेंद बल्ले पर सही तरह से नहीं आई और हवा में काफी ऊंची चली गई।
गेंद ऐसे क्षेत्र में गिरती हुई नजर आ रही थी जहां कोई फील्डर मौजूद नहीं था, लेकिन डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर तैनात प्रिंस यादव ने तेजी से दौड़ लगाई। उन्होंने काफी दूरी तय की और फिर सही समय पर हवा में छलांग लगाकर शानदार डाइविंग कैच पूरा किया। कैच देखते ही स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी उत्साहित हो उठे।
इस शानदार प्रयास के साथ इब्राहिम जादरान की पारी का अंत हुआ। जादरान ने 31 गेंदों में 21 रन बनाए और अफगानिस्तान को 403 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 72 रन पर दूसरा झटका लग गया।
अगर मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 154 रन बनाए। वहीं ईशान किशन ने भी 79 गेंदों में 125 रन की धमाकेदार शतकीय पारी खेली। रोहित शर्मा ने भी तेज शुरुआत दिलाते हुए 39 गेंदों में 48 रन का अहम योगदान दिया।