पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में प्रियांश आर्य का छक्का एक बुजुर्ग फैन के लिए भारी पड़ गया। गेंद सीधे उनके चेहरे पर जा लगी और वो घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया है।
दरअसल, न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार (28 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज़ प्रियांश आर्य ने अपनी 11 गेंदों में 29 रनों की तेज पारी के दौरान एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से एक शानदार छक्का जड़ा। यह शॉट देखने में जितना खूबसूरत था, उतना ही खतरनाक साबित हुआ, क्योंकि गेंद सीधे स्टैंड में बैठे एक बुजुर्ग फैन के चेहरे पर जा लगी।
गेंद लगते ही फैन की नाक से खून बहने लगा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग व्यक्ति अपने हाथों से चेहरा ढककर खून रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उनके आसपास बैठे लोग तुरंत उनकी मदद के लिए आगे आते हैं। बताया जा रहा है कि गेंद उनके नाक और आंख के बीच में लगी थी, जिससे उन्हें काफी चोट आई। हालांकि, इस घटना के बाद स्टेडियम में मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और माहौल कुछ देर के लिए चिंताजनक हो गया।
VIDEO:
अगर मैच की बात करें तो यह मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। प्रभसिमरन सिंह ने 44 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि मार्कस स्टोइनिस ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 62 रन ठोक दिए।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 19.2 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। डोनोवन फरेरा ने 26 गेंदों में नाबाद 52 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी 43 रन और यशस्वी जायसवाल 51 रन ने भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को सीजन की पहली हार थमाई।