मैनचेस्टर, 27 जून (CRICKETNMORE)| भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 के एक अहम मैच में यहां ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर आज वेस्टइंडीज का सामना करेगी। इस टूर्नामेंट में भारत ने अभी तक एक भी मुकाबला नहीं हारा है और इसी क्रम को वह विंडीज के खिलाफ भी बरकरार रखना चाहेगी। 

Advertisement

पहले तीन मैच आसानी से जीतने बाद भारत को हालांकि अपने पिछले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ मशक्कत करनी पड़ी थी लेकिन मोहम्मद शमी की आखिरी ओवर में लगाई गई हैट्रिक से भारत ने क्रिकेट के महाकुंभ में अपनी चौथी जीत दर्ज कर ली थी। 

Advertisement

भुवनेश्वर के चोटिल होने के बाद टीम में आए शमी का वेस्टइंडीज के खिलाफ भी खेलना तय माना जा रहा है क्योंकि भुवनेश्वर की चोट को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हैं। उन्होंने हालांकि मंगलवार को फिजियो की देखरेख में तकरीबन आधे घंटे तक अभ्यास जरूर किया था लेकिन टीम प्रबंधन भुवनेश्वर को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगा। इसलिए शमी और जसप्रीत बुमराह के ऊपर वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाजी क्रम को रोकने का जिम्मा होगा।

भारत के खिलाफ अहम मैच से पहले विंडीज को एक झटका लगा है। उसके स्टार खिलाड़ी आंद्रे रसेल वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। रसेल ने अभी तक वर्ल्ड कप में वैसा प्रदर्शन नहीं किया था जिसके लिए वो जाने जाते हैं लेकिन फिर भी वह जिस स्तर के खिलाड़ी हैं, वह किसी भी समय फॉर्म में आकर मैच का रुख बदल सकते हैं। विंडीज के पास रसेल जैसे कुछ और खिलाड़ी हैं जिनसे भारत को बच कर रहना होगा। 

 

कार्लोस ब्रैथवेट उनमें से एक नाम है। ब्रैथवेट ने ही न्यूजीलैंड के खिलाफ विंडीज को जीत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया था। लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने पांच रन दूर रहते गलती की और टीम को उसकी वजह से हार झेलनी पड़ी, इस तरह की गलती न सिर्फ ब्रैथवेट बल्कि पूरी टीम करने से बचेगी। 

विंडीज के पास क्रिस गेल, शाई होप, शिमरोन हेटमायेर और कप्तान जेसन होल्डर भी हैं जो बड़ी पारियां और तेजी से रन बनाने का दम रखते हैं। 

Advertisement

वहीं अगर भारतीय गेंदबाजों की बात की जाए तो शमी और बुमराह का सामना करना तो विंडीज के लिए मुश्किल होगा ही, उसे मध्य में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी से भी बचना होगा। स्पिन पर वैसे भी विंडीज की कमजोरी जगजाहिर है। 

वेस्टइंडीज की गेंदबाजी भी इस टूनार्मेंट में अच्छा कर रही है, खासकर शेल्डन कॉटरेल। वह बेहतरीन फॉर्म में हैं। उनके अलावा ओशाने थॉमस, शेनन गैब्रिएल, कप्तान होल्डर और ब्रैथवेट भी अच्छी लय में हैं। बस देखना यह होगा कि भारत के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के आगे यह किस हद तक अपनी अच्छी लय को कायम रख पाते हैं। 

अगर भारतीय बल्लेबाजी की बात की जाए तो उसके लिए सब कुछ ठीक है, सिवाए नंबर-4 की समस्या के। विजय शंकर को दो मैचों में इस स्थान पर मौका दिया गया है लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। हो सकता है वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत इस नंबर पर युवा ऋषभ पंत या दिनेश कार्तिक को आजमाए। 

Advertisement

अफगानिस्तान के खिलाफ एक बार फिर भारत की मध्य क्रम की चिंता सामने आई थी। लंबे अरसे से देखा गया है कि अगर भारत के शीर्ष-3 बल्लेबाजों में से कोई एक भी टिक नहीं पाता तो भारत बड़ा स्कोर नहीं कर पाता। अफगानिस्तान के खिलाफ भी यही देखा गया था। विंडीज की कोशिश भी यही होगी भारत के शीर्ष तीन- रोहित शर्मा, लोकेश राहुल और विराट कोहली को जल्दी पवेलियन भेजा जाए। 

टीमें : 

भारत: विराट कोहली (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, लोकेश राहुल, मोहम्मद शमी, विजय शंकर, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव।

Advertisement

वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), क्रिस गेल, इविन लुइस, शिमरोन हेटमायेर, एशले नर्स, कार्लोस ब्रैथवेट, निकोलस पूरन, शाई होप (विकेटकीपर), केमर रोच, ओशाने थॉमस, शेल्डन कॉटरेल ।  
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार