कोलंबो, 29 अगस्त | चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 135) की जुझारू पारी और आठवें विकेट के लिए अमित मिश्रा (59) के साथ निभाई गई 104 रनों की साझेदारी के बल पर भारत ने संकट से उबरते हुए सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जारी तीसरे निर्णायक टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को आठ विकेट पर 292 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक पुजारा के साथ ईशांत शर्मा दो रन बनाकर नाबाद लौटे। बारिश के कारण दूसरे दिन भी 80.3 ओवरों का खेल ही हो सका।

Advertisement

बारिश से बाधित पहले दिन मात्र 15 ओवरों के खेल में 50 रन पर दो विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम शनिवार को अभी अपने कुल स्कोर में 14 रन ही जोड़ पाई थी कि कप्तान विराट कोहली (18) विकेट के पीछे लपक लिए गए।

Advertisement

कोहली का विकेट कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने लिया। कोहली ने तीसरे विकेट के लिए पुजारा के साथ 50 रन जोड़े।इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रोहित शर्मा (26) ने पुजारा के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी निभाई। हालांकि जब भारत को इस साझेदारी को और आगे ले जाने की जरूरत थी, रोहित अपना विकेट गंवा बैठे।

भारतीय पारी की 46वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रोहित के आउट होते ही भोजनकाल घोषित कर दिया गया। भोजनकाल के बाद अपने अधूरे रह गए ओवर की आखिरी गेंद लेकर आए प्रसाद ने स्टुअर्ट बिन्नी को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया।

इसके बाद नमन ओझा (21) ने पुजारा के साथ छठे विकेट के लिए 54 रन जोड़े और टीम को कुछ स्थिरता प्रदान की। रविचंद्रन अश्विन (5) हालांकि ज्यादा देर नहीं टिक सके और प्रसाद का चौथा शिकार बने।

Advertisement

एक समय भारतीय टीम 180 रनों पर सात विकेट गंवाकर संकट में नजर आने लगी थी। हालांकि इसके बाद अमित मिश्रा ने पुजारा का अच्छा साथ निभाया और भारत को लगभग संकट से उबार लिया।

दिन के आखिरी सत्र में मिश्रा के रूप में भारत का एकमात्र विकेट गिरा। अर्धशतकीय पारी खेलकर जम चुके मिश्रा बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल खत्म होने से थोड़ा ही पहले रंगना हेराथ की गेंद पर विकेट के पीछे लपक लिए गए।

एक छोर संभालकर दिनभर विकेट पर खड़े रहे पुजारा ने अब तक 277 गेंदों का सामना किया है और 13 चौके लगाए हैं। तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर हैं।

Advertisement

(आईएएनएस)

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार