टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने शुरुआत से ही साउथ अफ्रीका पर दबाव बना दिया। दूसरे ही ओवर में उन्होंने अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को पूरी तरह छका दिया। डी कॉक शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद सीधी स्टंप से जा टकराई। इसके बाद बुमराह का अंदाज़ भी देखने लायक था।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के तीसरे मुकाबले में रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका आमने-सामने हैं। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही।
पारी का दूसरा ओवर लेकर आए जसप्रीत बुमराह ने आखिरी गेंद पर ही शुरुआती झटका दे दिया। हुआ यूं कि गेंद जरा सी छोटी लेंथ कि थी और सीधे स्टंप्स को अटैक कर रही थी। गेंद पिच पर गिरकर अंदर की तरफ आई। क्विंटन डी कॉक ने क्रीज में खड़े रहकर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह चूक गए और गेंद लेग स्टंप के ऊपरी हिस्से से जा टकराई।
डी कॉक सिर्फ 10 रन पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए और साउथ अफ्रीका को 10 के स्कोर पर पहला बड़ा झटका लग गया। बुमराह ने विकेट लेते ही दोनों हाथ फैलाकर जश्न मनाया, जो फैंस को काफी पसंद आया।
VIDEO:
इतना ही नहीं, बुमराह यहीं नहीं रुके। अपने अगले ओवर में उन्होंने रयान रिकेल्टन को भी 7 रन पर आउट कर दिया और पावरप्ले के अंदर ही साउथ अफ्रीका को दो बड़े झटके दे दिए।
टीमें इस मैच के लिए
भारत (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
साउथ अफ्रीका (प्लेइंग XI): एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी।