इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के बीच बीसीसीआई (BCCI) ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के कैप्टन रियान पराग (Riyan Parag) को 'वेपिंग कांड' के लिए बड़ी सजा सुना दी है। उन पर BCCI ने 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया है और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है।
IPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने अपने बयान में लिखा, "रियान पराग को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.21 का उल्लंघन करते पाया गया, जो 'ऐसा व्यवहार जो खेल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाए' से संबंधित है। यह घटना दूसरी पारी के दौरान हुई, जब रियान को ड्रेसिंग रूम के अंदर वेप का उपयोग करते हुए देखा गया।"
उन्होंने अपने बयान में आगे लिखा "रियान पराग ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया है।" बताते चलें कि BCCI अब इस मामले में टीम, उसके अधिकारियों और खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहा है, ताकि IPL की प्रतिष्ठा बनी रहे।
याद दिला दें कि IPL 2026 के 40वें मुकाबले में पंजाब किंग्स की बैटिंग के दौरान रियान पराग ने राजस्थान रॉयल्स के ड्रेसिंग रूम में वेप यानी ई-सिगरेट पी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ जिस वज़ह से रियान को भयंकर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा।
बात करें अगर आईपीएल के करंट सीजन में रियान के प्रदर्शन की तो वो अपने बैट से कुछ खास नहीं कर पाए हैं और उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के शुरुआती 9 मुकाबलों में सिर्फ 14.62 की औसत और 124.46 की स्ट्राइक रेट से 117 रन जोड़े हैं। इस खराब प्रदर्शन के कारण भी सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग हो रही है।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि रियान की कैप्टेंसी में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अच्छा गेम खेला है और वो टूर्नामेंट की पॉइंट्स टेबल पर 9 मैचों में 6 जीत और 12 अंकों के साथ चौथे पादयान पर है। उनसे ऊपर सिर्फ पंजाब किंग्स (8 मैचों में 13 अंक), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (8 मैचों में 12 अंक) और सनराइजर्स हैदराबाद (9 मैचों में 12 अंक) की टीम ही मौजूद है।