नई दिल्ली, 13 नवंबर (CRICKETNMORE)| वरुण सूद (चार विकेट) की अच्छी गेंदबाजी से हिमाचल प्रदेश की टीम यहां फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-ए के मैच के दूसरे दिन मंगलवार को दिल्ली के सामने लड़खड़ाती दिखी। हिमाचल प्रदेश ने दिल्ली के पहली पारी के स्कोर 317 रनों के जबाव में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 216 रनों पर ही अपने आठ विकेट खो दिए हैं। वह अभी भी दिल्ली से 101 रन पीछे है। 

Advertisement

दिन का खेल खत्म होने तक पंकज जायसवाल 23 और मयंक डागर 21 रन बनाकर खेल रहे थे।

Advertisement

दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश के ऊपरी और मध्यक्रम को तहस नहस कर दिया। हिमाचल प्रदेश ने एक समय अपने छह विकेट महज 58 रनों पर खो दिए थे। यहां से ऋषि धवन ने 64 और एकांत सेन ने 46 रनों की पारी खेल टीम को सस्ते में समेटने से बचा लिया। धवन ने 114 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं एकांत ने 71 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए। 

वरुण के अलावा विकास मिश्रा ने दो विकेट लिए। ईशांत शर्मा, कुलवंत खेजोरेलिया को एक-एक सफलता मिली।

इसी ग्रुप के त्रिरुनेवेली में खेले जा रहे एक अन्य मैच में कप्तान अक्षत रेड्डी के नाबाद 248 रनों की बदौलत हैदराबाद ने तमिलनाडु के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में दूसरे दिन का अंत सात विकेट के नुकसान पर 523 रनों के साथ किया। 

रेड्डी के अलावा बवांका संदीप ने 130 रनों की पारी खेली। इन दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 246 रन जोड़े। संदीप 359 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 221 गेंदों का सामना किया और 15 चौकों के अलावा एक छक्का लगाया। 

Advertisement

दिन का खेल खत्म होने तक रेड्डी के साथ चामा मिलिंद नौ रन बनाकर खेल रहे हैं। रेड्डी ने अभी तक 477 गेंदों का सामना किया है और 22 चौकों के अलावा तीन छक्के लगाए।

कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस ग्रुप के एक और मैच में कप्तान मनोज तिवारी की नाबाद 201 रनों की पारी के दम पर बंगाल ने मध्यप्रदेश के खिलाफ अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 510 रनों पर घोषित कर दी। दिन का खेल खत्म होने तक मध्यप्रदेश ने बिना कोई विकेट खोए 15 रन बना लिए हैं। 

मनोज ने अपनी नाबाद पारी में 279 गेंदों का सामना किया और 20 चौकों के अलावा चार छक्के लगाए। बंगाल के लिए कप्तान के अलावा कौशिक घोष ने 100 रन बनाए। 

Advertisement

मध्य प्रदेश के लिए शुभम शर्मा ने पांच विकेट लिए। 

इसी ग्रुप के तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे एक अन्य मैच में जलज सक्सेना ने नाबाद 127 रनों की पारी खेल केरल को आंध्र प्रदेश के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। आंध्र प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 254 रन बनाए थे। जबाव में केरल ने दिन का अंत होने तक एक विकेट के नुकसान पर 227 रन बना लिए हैं। 

जलज ने अभी तक 217 गेंदों का सामना किया है और 11 चौके लगाए हैं। उनके साथ रोहन प्रेम 34 रन बनाकर खेल रहे हैं। जलज ने प्रेम के साथ दूसरे विकेट के लिए अभी तक 88 रन जोड़ लिए हैं। केरल ने अपना एक मात्र विकेट अरुण कार्तिक (56) के रूप में खोया। कार्तिक ने जलज के साथ पहले विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी को टीम को मजबूत शुरुआत दी थी। 

Advertisement

इससे पहले, आंध्र प्रदेश ने दिन की शुरुआत आठ विकेट के नुकसान पर 225 रनों के साथ की थी। उसने दूसरे दिन अपने खाते में 29 रनों का इजाफा किया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार