Rashid Khan Record: अफगानिस्तान के दिग्गज गेंदबाज़ राशिद खान (Rashid Khan) ने बीते शुक्रवार, 07 अगस्त को आयरलैंड के खिलाफ ब्रेडी क्रिकेट क्लब में खेले गए दूसरे वनडे (IRE vs AFG 2nd ODI) मुकाबले में अपनी गेंदबाज़ी से जमकर धमाल मचाया और पूरे 6 विकेट (7.4 ओवर में 34 रन देकर) चटकाए। गौरतलब है कि इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ग्लेन मैकग्रा (Glenn McGrath) की बराबरी कर ली है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, राशिद खान ने अपने ODI करियर में अपना सातवां Five-Wicket Haul लिया है। इसे हासिल करके अब वो ग्लेन मैकग्रा के साथ संयुक्त रूप से वनडे में पांचवें सर्वाधिक Five Wicket Haul लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस रिकॉर्ड लिस्ट में सबसे ऊपर पाकिस्तान के वकार यूनुस हैं, जिन्होंने 13 बार ये कारनामा किया।
वनडे में सर्वाधिक पांच-विकेट हॉल लेने वाले खिलाड़ी
- वकार यूनुस - 258 पारियों में 13 पांच विकेट हॉल
- मुथैया मुरलीधरन - 341 पारियों में 10 पांच विकेट हॉल
- मिचेल स्टार्क - 130 पारियों में 9 पांच विकेट हॉल
- ब्रेट ली - 217 पारियों में 9 पांच विकेट हॉल
- शाहिद अफरीदी - 372 पारियों में 9 पांच विकेट हॉल
- लसिथ मलिंगा - 220 पारियों में 8 पांच विकेट हॉल
- राशिद खान - 113 पारियों में 7 पांच विकेट हॉल
- ग्लेन मैकग्रा - 248 पारियों में 7 पांच विकेट हॉल
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि राशिद खान ने तीसरी बार ODI में छह या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है। ऐसा करने के मामले में अब सिर्फ वकार यूनुस ही उनसे आगे हैं। इस पाकिस्तानी दिग्गज ने अपने वनडे करियर में 5 बार छह या उससे ज्यादा विकेट चटकाए थे।
मैच का हाल: ब्रेडी क्रिकेट क्लब में आयरलैंड ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने बारिश बाधित मुकाबले में 47 ओवर खेले और 8 विकेट खोकर 299 रन बनाए। मेहमान टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने 97 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में आयरलैंड के लिए केड कारमाइकल ने अर्धशतक लगाया और 66 गेंदों पर 62 रन बनाए। हालांकि उनके अलावा टीम का कोई भी दूसरा बल्लेबाज़ मैदान पर ज्यादा देर नहीं टिका जिस वज़ह से पूरी टीम 33.4 ओवर में 207 रन बनाकर ऑल आउट हुई। तो ऐसे अफगानिस्तान ने दूसरा वनडे 92 रनों से जीता और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।