IND vs ZIM T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज रवि बिश्नोई के लिए बेहद अहम रहने वाली है। इंग्लैंड सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्हें एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका मिला है। 

Advertisement

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज की शुरुआत गुरुवार (23 जुलाई) से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होगी। सीरीज के बाकी मुकाबले भी 25 और 26 जुलाई को इसी मैदान पर खेले जाएंगे। नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम इस दौरे पर जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी। टीम को लगातार दो टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। पहले आयरलैंड ने 2-0 से सीरीज अपने नाम की और उसके बाद इंग्लैंड ने 4-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।

युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के लिए भी यह दौरा वापसी का शानदार अवसर है। बिश्नोई का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्हें शुरुआती दो मुकाबलों में खेलने का मौका मिला। पहला मैच बारिश से प्रभावित रहा, जिसमें उन्हें गेंदबाजी का मौका ही नहीं मिला। दूसरे मुकाबले में उन्होंने चार ओवर में बिना विकेट लिए 60 रन खर्च कर दिए। इसके बाद उन्हें बाकी तीन मैचों की प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया।

इतना ही नहीं, शुरुआती तौर पर उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। लेकिन किस्मत ने उन्हें एक और मौका दिया। इंग्लैंड सीरीज के दौरान वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने रवि बिश्नोई को उनकी रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल कर लिया।

अब बिश्नोई के सामने खुद को दोबारा साबित करने की बड़ी चुनौती होगी। अगर वह इस सीरीज में अच्छी गेंदबाजी करते हैं तो न सिर्फ भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत कर सकते हैं, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

फिलहाल भारत की ओर से जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और मुकेश कुमार के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। तीनों ने 8-8 विकेट हासिल किए हैं। वहीं रवि बिश्नोई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पांच टी20 मुकाबलों में 6 विकेट लिए हैं। यानी उन्हें इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए सिर्फ तीन और विकेट की जरूरत है।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • वाशिंगटन सुंदर – 5 मैच, 8 विकेट
  • अक्षर पटेल – 7 मैच, 8 विकेट
  • मुकेश कुमार – 3 मैच, 8 विकेट
  • सिकंदर रजा – 11 मैच, 8 विकेट
  • ब्लेसिंग मुजरबानी – 7 मैच, 8 विकेट
  • बरिंद्र बलबीर सिंह – 2 मैच, 6 विकेट
  • रवि बिश्नोई – 5 मैच, 6 विकेट
Also Read: LIVE Cricket Score

अगर रवि बिश्नोई इस सीरीज में तीन विकेट लेने में कामयाब रहते हैं तो वह न सिर्फ भारत की ओर से जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनेंगे, बल्कि दोनों टीमों के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भी सबसे सफल गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार