India vs Sri Lanka: श्रीलंका के खिलाफ अगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर अपनी राय दी है। अश्विन ने श्रीलंका की स्पिन फ्रेंडली पिचों को देखते हुए टीम में चार स्पिनरों को खिलाने का सुझाव दिया है। 

Advertisement

भारत और श्रीलंका के बीच अगले महीने दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा।

सीरीज शुरू होने से पहले पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारत की प्लेइंग XI को लेकर अपनी राय रखी है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि श्रीलंका की स्पिन फ्रेंडली परिस्थितियों को देखते हुए भारत चार स्पिनरों के साथ उतर सकता है।

अश्विन ने अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को नंबर-6 पर बल्लेबाजी के साथ-साथ स्पिन विकल्प के तौर पर टीम में रखा है। उनके मुताबिक जडेजा का खेलना तय है। इसके अलावा अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में 7 विकेट लेने वाले मानव सुथार को भी उन्होंने प्लेइंग XI में शामिल किया है।

अश्विन ने नंबर-7 पर डेब्यू करने वाले ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सरांश जैन को मौका देने की बात कही है। इसके साथ ही अश्विन ने कुलदीप यादव को स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर खिलाने की सलाह दी है। इसके अलावा टीम की बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को जगह मिलती है।

हालांकि नंबर-3 को लेकर अश्विन ने देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन में से किसी एक को चुनने की बात कही है। साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह दोनों भारतीय टेस्ट स्क्वाड में शामिल हैं, लेकिन उनके खेलने पर बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस जरूरी होगा।

अश्विन ने बुमराह को श्रीलंका दौरे पर आराम देने की सलाह भी दी है। उनका मानना है कि स्पिन के लिए मददगार पिचों पर बुमराह को ज्यादा मेहनत कराने की जरूरत नहीं है और उन्हें आगे आने वाली बड़ी सीरीज के लिए पूरी तरह फिट रखना चाहिए। बुमराह के नहीं खेलने की स्थिति में अश्विन ने बाकी तेज गेंदबाजों में से दो को खिलाने का सुझाव दिया है। भारत के पास इस दौरे के लिए मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

अश्विन की सुझाई भारत की प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल/साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, सरांश जैन, मानव सुथार, कुलदीप यादव, दो तेज गेंदबाज।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार