R. Ashwin Open Up On His IPL Retirement: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) में बेहद ही खराब प्रर्दशन कर रही है। आलम ये है कि वो टूर्नामेंट के अपने शुरुआती तीन मुकाबले हार चुके हैं और बीते रविवार, 05 अप्रैल को तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें 43 रनों से धूल चटाई। गौरतलब है कि भारत के पूर्व गेंदबाज़ रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) सीएसके का ऐसा हाल देखकर बेहद ही निराश हैं और अब उन्होंने आईपीएल से अचानक रिटायरमेंट क्यों लिया? इसके पीछे की वज़ह भी दुनिया को बता दी है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, रविचंद्रन अश्विन ने अपने आईपीएल रिटायरमेंट के लगभग 7 महीने के बाद अपना दिल खोला है। उन्होंने अपने रिटायरमेंट पर खुलासा करते हुए कहा है कि सीएसके के साथ उनका पिछला आईपीएल सीजन निराशाजनक रहा था। वो वैसे तो एक और सीजन खेलना चाहते थे, लेकिन फिर उन्होंने सोचा कि अगर वो रिटायरमेंट ले लेंगे, तो इससे चेन्नई सुपर किंग्स को पर्स में 10 करोड़ मिल जाएंगे। इसके अलावा सीएसके की मैनेजमेंट के लिए ये सिरदर्द भी खत्म हो जाएगा कि उन्हें अगले सीजन के लिए रखना चाहिए या फिर नहीं।
रविचंद्रन अश्विन ने कहा, "मैं मुकाबले (आरसीबी बनाम सीएसके) को एक निष्पक्ष नजरिए से देख रहा हूं, लेकिन याद रखिए मैंने हाल ही में CSK के साथ एक निराशाजनक सीजन बिताया था। यह मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी एक निराशाजनक सीजन था। सच कहूं तो मेरे दिल में यह बात थी कि मैं और खेल सकता (भावनात्मक रूप से) था, लेकिन मेरे पास खेलने की मानसिक ऊर्जा ही नहीं बची थी।'
वो आगे बोले, "मैं उस बारे में बात नहीं करना चाहता। वह मानसिक रूप से परेशान करने वाला है। यह मेरे लिए बहुत दर्दनाक था। मैं उस तरफ जाना ही नहीं चाहता। मैंने थोड़ी-बहुत चर्चा की, फिर मैंने कहा कि मैंने चेन्नई से ही शुरुआत की थी और अब मैं अपने होम टाउन में ही अपने करियर का समापन कर रहा हूं। यह ठीक है। मैंने खुद ही संन्यास लेने का फैसला किया, ताकि मैनेजमेंट के लिए यह सिरदर्द न बने कि वह मुझे टीम में बनाए रखें या फिर रिलीज कर दें। अगर मैं चला जाता तो उनके 10 करोड़ रुपये भी बच जाते। मैं अब भी निराश हूं। मुझे उम्मीदें (चेन्नई की जीत की) थीं, मुझे आशा थी।"
गौरतलब है कि रविचंद्रन अश्विन को साल 2025 के सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने पूरे 9 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन इस सीजन अश्विन अपने प्रदर्शन से कुछ खास नहीं कर पाए और उन्होंने टीम के लिए 9 मुकाबले खेलकर सिर्फ 7 विकेट निकाले।
इससे पहले साल 2024 के सीजन में वो राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा था जहां पर भी उनका प्रदर्शन बेहद औसत रहा था और उन्होंने 15 मैचों में सिर्फ 9 विकेट झटके थे। यह एक बड़ा कारण हैं जिस वज़ह से उन्होंने अचानक से अपने आईपीएल करियर को खत्म करने का फैसला किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
बताते चलें कि इस दिग्गज बॉलर ने अपने आईपीएल करियर में कुल 221 मुकाबले खेले और 187 विकेट चटकाए। वो साल 2008 से लेकर साल 2015 तक चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे और फिर अपने करियर के आखिरी दिनों (साल 2025) में एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शामिल हुए। इसी बीच उन्हें राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स, किंग्स इलेवन पंजाब, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स जैसे टीमों का भी हिस्सा बनने का मौका मिला।