राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में भारतीय स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में आ गए। उन्होंने जोस बटलर का अहम विकेट झटकने के बाद अपना मशहूर ‘इन माय पॉकेट’ सेलिब्रेशन किया।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार (9 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में रविंद्र जडेजा ने एक बार फिर अपने सेलिब्रेशन से खूब सुर्खियां बटोरीं। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे जडेजा ने इस मुकाबले में गुजरात के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर को आउट कर मैच का बड़ा मोमेंट अपने नाम कर लिया।
दरअसल, गुजरात की पारी के दौरान शुभमन गिल और जोस बटलर अच्छी साझेदारी की तरफ बढ़ रहे थे। बटलर धीरे-धीरे अपने हाथ खोलने लगे थे। ऐसे में कप्तान ने गेंद रविंद्र जडेजा को थमाई और उन्होंने टीम को बड़ी सफलता दिला दी।
पारी के 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर बटलर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए। उन्होंने लॉन्ग ऑन की दिशा में बड़ा हिट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही टाइम नहीं हुई और डीप में खड़े डोनोवन फरेरा ने आसान कैच पकड़ लिया। बटलर की पारी सिर्फ 13 रन पर खत्म हो गई।
बटलर के आउट होते ही जडेजा ने अपने जबरदस्त अंदाज में हाथ जेब में डालकर ‘इन माय पॉकेट’ सेलिब्रेशन किया। गौरतलब है कि जडेजा इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ निकोलस पूरन का विकेट लेने के बाद भी ऐसा ही सेलिब्रेशन कर चुके हैं।
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि साईं सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए। वहीं रविंद्र जडेजा ने गेंदबाजी में 4 ओवर में 34 रन देकर जोस बटलर का अहम विकेट अपने नाम किया।